पृथक प्रदेश दुनिया का होगा सबसे विकसित राज्य: वर्मा

- सहारनपुर में पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा की बैठक को सम्बोधित करते राष्ट्रीय अध्यक्ष भगतसिंह वर्मा।
सहारनपुर [24CN]। पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व भारतीय किसान वर्मा के राष्ट्रीय संयोजक भगतसिंह वर्मा ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 26 जिलों की आठ करोड़ जनता की उन्नति के लिए पृथक पश्चिम प्रदेश निर्माण के लिए संघर्ष को तेज किया जाएगा और पृथक प्रदेश निर्माण होने तक पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा का संघर्ष जारी रहेगा।
भगतसिंह वर्मा आज यहां घंटाघर स्थित मंडल कार्यालय पर आयोजित बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश दुनिया का सबसे बड़ा राज्य है। इसलिए उत्तर प्रदेश को चार भागों में बांटकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 26 जिलों को मिलाकर पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण जरूरी है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की आठ करोड़ जनता की उन्नति और पश्चिम प्रदेश में शिक्षा व चिकित्सा अंतर्राष्ट्रीय स्तर की उपलब्ध कराने, बेरोजगार युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए पृथक राज्य जरूरी है। प्रदेशाध्यक्ष स. अरविंद्र सिंह लाम्बा ने कहा कि पृथक पश्चिम प्रदेश निर्माण हमारे लिए जीवन-मरण का प्रश्न है। इसलिए अब यहां के लोग कड़े से कड़ा कदम उठाकर भगतसिंह वर्मा के नेतृत्व में पृथक पश्चिम प्रदेश का निर्माण कराकर ही चैन से बैठेंगे।
प्रदेश महासचिव आसिम मलिक ने कहा कि पृथक पश्चिम प्रदेश निर्माण होने पर यह राज्य देश ही नहीं दुनिया में पहले नम्बर पर होगा और यहां पर प्रति व्यक्ति आय दुनिया में सबसे अधिक होगी जिसके लिए आज से संघर्ष तेज कर दिया गया है। बैठक को राष्ट्रीय महासचिव रविंद्र गुर्जर, वीरेंद्र चौधरी, डा. एस. के. काकरान, मो. फिरोज खान, अशोक मलिक, मौ. राव रजा, पं. नीरज कपिल ने भी सम्बोधित किया। बैठक में भारी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे।