लापता चिकित्सक का शव मिलने से फैली सनसनी, परिजनों ने लगाया जाम

लापता चिकित्सक का शव मिलने से फैली सनसनी, परिजनों ने लगाया जाम
  • सहारनपुर में बेहट में चिकित्सक की हत्या मामले में घटनास्थल का निरीक्षक करते पुलिस अधिकारी।

बेहट [24CN]। कोतवाली क्षेत्रांतर्गत गांव साढौली कदीम में दो दिन से लापता चिकित्सक का शव पूर्वी यमुना नहर के किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चिकित्सक की हत्या से आक्रोशित बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली के सामने हाइवे पर धरना दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे एसडीएम व सीओ ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर धरना समाप्त करााय।

मिली जानकारी के अनुसार जिला पीलीभींत के गांव बेनीपुर निवासी सियाराम उर्फ सौरभ विगत 11 वर्षों से बेहट कोतवाली क्षेत्रांतर्गत गांव साढौली कदीम में रह रहा था। बताया जाता है कि सियाराम प्राइवेट पशु चिकित्सक था जो बीती शाम कोई फोन आने पर घर से गया था। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटा तो सियाराम की पत्नी ने फोन तो फोन नहीं उठाया। बाद में फोन स्विच ऑफ हो गया। परिजनों ने सियाराम की काफी तलाश की परंतु उसका कोई पता नहीं चला। आज सुबह गंदेवड़-रायपुर मार्ग पर पूर्वी यमुना नहर किनारे शव पड़ा होने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया जिसकी शिनाख्त सियाराम के रूप में हुई।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन बजरंग कार्यकर्ताओं के साथ बेहट कोतवाली पहुंचे तथा कोतवाली के सामने दिल्ली-यमुनोत्री हाइवे पर हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे एसडीएम रामजीलाल व सीओ रामकरण सिंह ने धरने पर बैठे लोगों को बामुश्किल समझा- बुझाकर धरना समाप्त कराया। एसपी देहात अतुल शर्मा ने बताया कि परिजनों ने नामजद तहरीर दी है। मृतक की पत्नी के अनुसार सियाराम ने लॉटरी चला रखी थी जिसके रूपए लेने ही सियाराम गया था। उन्होंने बताया कि पुलिस हर पहलू पर बारीकी से जांच कर रही है। शीघ्र मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।