
फर्जी सात नंबर फॉर्म के आरोपों को लेकर डीएम से मिले वरिष्ठ सपा नेता टिंकू अरोड़ा
- सहारनपुर में प्रशासनिक अधिकारी को पत्र देते हुए सपाई।
सहारनपुर। विधानसभा क्षेत्र 03 सहारनपुर नगर में कथित रूप से फर्जी सात नंबर फॉर्म भरकर मतदाता सूची से नाम हटाने के प्रयासों को लेकर वरिष्ठ समाजवादी पार्टी नेता एवं पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर पत्र सौंपा। इस दौरान उन्होंने पूरे मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
टिंकू अरोड़ा ने आरोप लगाया कि सहारनपुर नगर विधानसभा के 195 बूथों पर लगभग 45 हजार फर्जी सात नंबर फॉर्म छपवाकर बीएलओ को दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्य तहसील स्तर के कुछ कर्मचारियों द्वारा किया गया है। जानकारी मिलने के बाद उन्होंने कई बीएलओ से बातचीत की तथा उन मतदाताओं से संपर्क किया, जिनके नाम से कथित रूप से फॉर्म भरे गए थे। उन्होंने बताया कि लगभग छह अलग-अलग बूथों के मतदाताओं को साथ लेकर वे जिलाधिकारी के समक्ष उपस्थित हुए और उनके द्वारा भरे गए एसआईआर फॉर्म की प्रतियां भी सौंपीं। पत्र में उन्होंने पूरे प्रकरण को सुनियोजित साजिश बताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम मतदाता सूची से विलोपित नहीं किया जाएगा।टिंकू अरोड़ा ने कहा कि किसी भी सूरत में फर्जी तरीके से वोट काटने नहीं दिया जाएगा। इस मौके पर शुभम वर्मा, शादाब खान, रवि यादव, राजेंद्र सिंह, जमशेद, खुशनुदा रहमानी सहित कई लोग मौजूद रहे।
