स्कूटी सवार बदमाशों ने युवक को मारी गोली, हालत गम्भीर

- सहारनपुर में मल्हीपुर रोड पर युवक को गोली मारने की घटना की जानकारी लेते एसएसपी।
सहारनपुर। थाना देहात कोतवाली क्षेत्रांतर्गत मल्हीपुर रोड स्थित हरिराम कालोनी में स्कूटी सवार दो बदमाशों द्वारा अपने घर के बाहर बैठे एक युवक को गोली मारकर गम्भीर रूप से घायल कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया तथा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
मिली जानकारी के अनुसार देहात कोतवाली क्षेत्रांतर्गत मल्हीपुर रोड स्थित हरिराम कालोनी में राजा नामक युवक अपने बच्चों के साथ किराए पर रहता है। बताया जाता है कि आज राजा का साला संजीव भी उसके घर आया हुआ था। बताया जाता है कि दोपहर के समय संजीव अपने घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान स्कूटी पर सवार होकर आए युवकों ने उस पर तमंचे से फायरिंग कर दी। पेट में गोली लगने से संजीव गम्भीर रूप से घायल हो गया। गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कम्प मच गया। सूचना पर मौके पर पहुंची घायल संजीव को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।
उधर सूचना मिलते ही एसएसपी डा. विपिन ताड़ा ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली तथा अधीनस्थ अधिकारियों को आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। समाचार लिखे जाने तक देहात कोतवाली पुलिस जांच करने में जुटी हुई थी।