फ्रिज-सूटकेस में बंद न हो बेटियां, इसलिए बनाएं संस्कारवान, साध्वी प्राची ने सपा-कांग्रेस को घेरा

New Delhi : राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ चंद्रनगर महानगर द्वारा रविवार को तिलक इंटर कालेज के मैदान पर मातृशक्ति समन्वय सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें भाजपा नेत्री ने महिलाओं से कहा कि वे अपनी बेटियों को संस्कारवार बनाने के लिए प्रेरित करें। जिससे वे फ्रिज और सूटकेस में बंद न हो।
बच्चों को बनाएं संस्कारवान
मुख्य अतिथि समाज कल्याण अधिकारी नीलम चौहान, प्रधानाचार्य आत्रैयी पालीवाल, डा. अंजू शर्मा ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्य वक्ता दुर्गा वाहिनी की पूर्व प्रदेश संयोजिका साध्वी डा. प्राची ने कहा कि महारानी पदमावती को पाने के लिए अलाउद्दीन खिलजी ने बहुत उपाय किए, लेकिन उन्होंने जौहर कुंड में अपने आपको समाहित कर दिया। वर्तमान समय में बच्चे संस्कार विहीन होते जा रहे हैं। जिस घर में महिला संस्कारित है, उस घर की बेटी कभी लव जिहाद का शिकार नहीं हो सकती और न कभी फ्रिज, सूटकेस में बंद की जा सकती। मां प्रथम गुरु होती है। इसलिए अपने बच्चों को वीरांगनाओं वीर महापुरुषों की कहानियां सुनाएं। इसके साथ ही बेटियाें को दुर्गा वाहिनी, राष्ट्रीय सेवा समिति में भेजें।
सपा, कांग्रेस और बसपा का एक फंडा
ओम अपार्टमेंट में भाजपा नेता हरिओम प्रकाश आचार्य के निवास पर प्रेसवार्ता में साध्वी ने कहा कि सपा, कांग्रेस और बसपा का एक ही फंडा है। हिंदुओं को आपस में लड़ाकर राजनीति की रोटियां सेंकते हैं। चुनाव आते ही पूरा विपक्ष एकजुट हो जाता है। 2024 में फिर से केंद्र में भाजपा की सरकार बनेगी। स्वामी प्रसाद मौर्य द्वारा रामचरित मानस पर की गई टिप्पणी के सवाल पर उन्होंने कहा कि जो लोग धार्मिक ग्रंथों का विरोध करते हैं, वह अपनी बेटियों का नाम सूपर्ण खां रख लें, इसके बाद खुले मंच पर बहस करें।
शिकोहाबाद में भी हुआ मातृशक्ति सम्मेलन
नारायण कालेज के मैदान पर भी सम्मेलन हुआ। मुख्य अतिथि डा. काजल सिंह ने कहा कि कुछ लोग कोख में पल रही बेटियों को खत्म कर देते है। ऐसे लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है। डा. रजनी यादव ने कहा कि लिंग परीक्षण और गर्भ में भ्रूण हत्या जैसे जघन्य अपराध हो रहे हैं। ईसा आहूजा, संगीता शास्त्री, मनोरमा गुप्ता, श्रद्धा तोमर, बबिता चौहान आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस दौरान प्रधानाचार्य सुभाष चंद्र सिसौदिया, आचार्य नारायण, डा. रामकैलाश यादव, सीए अवधेश पाठक, नगर अध्यक्ष विशाल गुप्ता, आशुतोष वर्मा, बृजेश यादव, सतीश यादव आदि लोग उपस्थित रहे।
