कंगना को लेकर नरम पड़े संजय राउत, बोले- मेरी उनसे कोई निजी दुश्मनी नहीं

मुंबई : बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत के साथ चल रहे वाक युद्ध में शिवसेना नेता संजय राउत कुछ नरम पड़ते दिखाई दे रहे हैं। राउत का कहना है कि कंगना से उनकी कोई निजी दुश्मनी नहीं है। यह शिवसेना का मुद्दा नहीं है, महाराष्ट्र के मसले पर हमने अपनी बात रखी है।
एक चैनेल से बातचीत में संजय राउत ने कंगना को नसीहत देते हुए कहा कि यह महाराष्ट्र का विषय था, उन्हें अपने ट्विटर हैंडल का उपयोग खुद करना चाहिए। कंगना को किसी राजनीतिक पार्टी को अपने ट्विटर हैंडल का इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं देनी चाहिए। दरअसल बॉलीवुड अभिनेत्री ने मुंबई शहर और पुलिस को लेकर हाल ही में कथित टिप्पणियां की थीं, जिनको लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
कंगना ने कहा था कि उन्हें उन लोगों से अधिक मुंबई पुलिस से डर लगता है, जिन्हें वे मूवी माफिया कहती हैं। इस पर संजय राउत ने कथित तौर पर कंगना को कहा था कि अगर उन्हें मुंबई पुलिस से डर लगता है तो उन्हें यहां नहीं आना चाहिये। कंगना ने राउत के इस बयान से जुड़ी एक खबर को टैग करते हुए ट्वीट किया था कि मुंबई पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर क्यों लगने लगी है ?
कंगना ने कहा था कि उन्हें बॉलीवुड में ड्रग माफिया का पर्दाफाश करने के लिये हरियाणा या हिमाचल प्रदेश पुलिस की सुरक्षा चाहिये और वह मुंबई पुलिस की सुरक्षा स्वीकार नहीं करेंगी। उनकी इन टिप्पणियों की महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ शिवसेना, कांग्रेस और राकांपा ने आचोलना की है।