‘देशद्रोह’ के मामले में संजय राउत को मिली बड़ी राहत, पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक लेख लिखने का था आरोप

- देशद्रोह के मामले में फंसे शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत को राहत मिली है। महाराष्ट्र पुलिस ने संजय राउत पर देशद्रोह के आरोप को हटा दिया है। संजय राउत के एक लेख को लेकर उनके खिलाफ केस दर्ज हुआ था। बीजेपी नेता ने संजय राउत के खिलाफ पुलिस थाने में शिकायत दी थी। आरोप है कि संजय राउत ने पीएम के खिलाफ आपत्तिजनक लेख लिखा था।
मुंबई। शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत को मंगलवार को बड़ी राहत मिली है। महाराष्ट्र पुलिस ने संजय राउत पर देशद्रोह के आरोप को हटा दिया है। अधिकारी ने कहा कि पुलिस द्वारा कानूनी राय मांगने और परामर्श करने के बाद राउत के खिलाफ राजद्रोह का आरोप हटा दिया गया।
इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
यवतलाम जिले में संजय राउत के खिलाफ केस दर्ज हुआ था। राउत के खिलाफ उमरखेड़ पुलिस स्टेशन में धारा 124 (ए) (देशद्रोह), 153 (ए) (धर्म, जाति, जन्म स्थान, निवास के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना) के तहत केस दर्ज हुआ था। इसके अलावा, उनके खिलाफ धारा 505 (2) भी जोड़ी गई थी।
क्या है मामला?
दरअसल, संजय राउत ने अपनी पार्टी के मुखपत्र ‘सामना’ में एक लेख लिखा था। संजय राउत पर पर पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक लेख लिखने का आरोप है। राउत ‘सामना’ के कार्यकारी संपादक हैं। संजय राउत ने ‘सामना’ में अपने साप्ताहिक कॉलम ‘रोख ठोक’ में पीएम मोदी पर लेख लिथा था।
बीजेपी नेता की शिकायत पर दर्ज हुआ केस
पुलिस ने बताया कि संजय राउत के खिलाफ बीजेपी नेता की शिकायत पर केस दर्ज किया गया था। पुलिस अधिकारी ने कहा कि मामले में कानूनी राय लेने के बाद पुलिस ने मामले से राजद्रोह का आरोप हटाने का फैसला किया। पुलिस ने बताया कि इसके लिए सरकारी वकील से सलाह भी ली गई थी।