कृषि कानूनों के बहाने किसानों को बर्बाद करने पर तुली है केंद्र सरकार: संजय

- सहारनपुर में पत्रकारों से वार्ता करते आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता संजय सिंह।
सहारनपुर [24CN]। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी व सांसद संजय सिंह ने कहा कि तीनों कृषि विधेयकों के माध्यम से केंद्र सरकार किसानों को बर्बाद करने पर तुली हुई है जिसका प्रभाव केवल किसानों पर ही नहीं बल्कि देश की जनता पर भी पड़ेगा और आर्थिक व्यवस्था भी अछूती नहीं रहेगी। सांसद संजय सिंह आज यहां दिल्ली रोड स्थित पार्टी के जिला कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने तीनों कृषि कानूनों को केंद्र सरकार की नाकामी का पुलिंदा बताते हुए कहा कि सरकार को बदलकर एक बार फिर राजनीतिक बदलाव करेंगे।
दुर्भाग्य है कि रामराज व सुशासन की दुहाई देने वाली भाजपा इसकी आड़ में केवल चंद उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाना चाहती है जिसे देश की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी तथा करारा जवाब देगी। एक सवाल के जवाब में संजय सिंह ने कहा कि देश की आम जनता, किसान व मजदूर के सामने ढेरों समस्याएं हैं। सरकारी उद्यमों की नीलामी का जा रही है। ऐसे हालात निश्चित रूप से निराशाजनक हैं। उन्होंने कहा कि इस पर अवाम को गम्भीरता से सोचना होगा और यह भी समझना होगा कि आम आदमी पार्टी की केजरीवाल सरकार के दिल्ली मॉडल से ही जनता व देश का भला होगा।
सहारनपुर चुनाव प्रभारी विधायक हाजी यूनुस व जिलाध्यक्ष योगेश दहिया ने कहा कि उत्तर प्रदेश में शासन व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। किसानों को गन्ने का बकाया मूल्य भुगतान नहीं मिला पा रहा है। उल्टे किसानों पर तीन कृषि कानून थापेकर उन्हें बर्बाद करने का काम किया जा रहा है जिसे आम आदमी पार्टी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं के समक्ष रोजी-रोटी का संकट है। बेरोजगारी के आलम में युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। आम आदमी पार्टी प्रदेश में बदलाव की दिशा में काम कर रही है ताकि प्रदेश की अवाम को उसका अधिकार दिलाया जा सके। इसके लिए हम त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के माध्यम से लोगों को जगाने के लिए गांव-गांव जा रहे हैं। वार्ता के दौरान प्रदेश सचिव मनीष सिंह, ओबीसी प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष वालिया भी मौजूद रहे।