सम्भल।  सम्भल से समाजवादी पार्टी के सांसद डा. शफीकुर्रहमान बर्क ने कहा कि इस बार शुक्रवार को होली व शबे बरात एक ही दिन पड़ रहा है। इसके साथ ही जुमे की नमाज भी शुक्रवार को है। ऐसे में सभी धर्म सम्प्रदाय के लोग आपसी सद्भाव का परिचय दें। उन्होंने कहा कि शबे बरात और जुमे की नमाज़ के मौके पर सभी लोग शांति बनाए रखे। उन्होंने खास तौर पर मुसलमानों से अपील की कि वह होली के रंग के समय घरों में रहें। उन स्थानों पर न जाएं जहां रंग खेला जा रहा हो। पुलिस प्रशासन से भी कहा वह अपनी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखे ताकी अराजक तत्व माहौल को बिगाड़ न पाएं। सभी सौहार्दपूर्ण माहौल में अपने अपने पर्व मनाएं।

डीएम ने कहा : आपसी सद् भाव का दें परिचय:  डीएम संजीव रंजन ने कहा कि यह पर्व शांति व सद्भाव का संदेश देता है। आम जनता की भी जिम्मेदारियां होती हैं।वह इस पर्व को आपसी सद्भाव के साथ मनाएं। इस दिन दो पर्व साथ साथ रहेगे। ऐसे में अपनी जिम्मेदारियां भी ज्यादा होती हैं। सभी धर्म के प्रबुद्ध वर्ग व आम जन मानस आपसी मेल भाव का परिचय दें।

अफवाहों से बचे, शांति का दे संदेश: एसपी चक्रेश मिश्र ने कहा कि होली व शबे बरात को लेकर पुलिस की चुस्त व्यवस्था है।शांति कमेटियों की बैठक भी थानों पर हो चुकी है। सभी लोग इस दिन शांति का संदेश देते हुए पर्व को मनाए। कोई भी ऐसा कार्य न करें जिससे कि एक दूसरे की भावनाओं को ठेस पहुंचे। किसी भी तरह की अफवाहों से भी लोगों को बचना चाहिए।