समता पार्टी ने पुराने कार्यकर्ताओं के लिए शुरू की घर वापसी की महत्वकांक्षी योजना

समता पार्टी ने पुराने कार्यकर्ताओं के लिए शुरू की घर वापसी की महत्वकांक्षी योजना
  • सहारनपुर में पत्रकारों से वार्ता करते समता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी।

सहारनपुर। समता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अर्जुन देशभक्त ने कहा कि जानेमाने समाजवादी नेता जार्ज फर्नांडीज द्वारा स्थापित समता पार्टी की पुरानी पार्टी है। उन्होंने जदयू नेताओं व कार्यकर्ताओं से घर वापस आने का आहवान किया।

राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अर्जुन देशभक्त ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि समता पार्टी के गठन के बाद ही कुछ नेताओं ने जदयू की नींव डाली और अपने प्रभाव वाले कार्यकर्ताओं को उसमें शामिल कर लिया। देशभक्त ने बताया कि बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते समता पार्टी ने समाजवादी सोच वाले व घर वापसी के इच्छुक सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं के लिए एक व्यापक अभियान चलाने का निर्णय लिया है ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में समता पार्टी को बेहतर विकल्प के रूप में पेश करते हुए बिहार की लगातार बिगड़ती कानून- व्यवस्था, भ्रष्टाचार व बेरोजगारी पर नियंत्रण पाने में विफल मुख्यमंत्री की विदाई सुनिश्चित की जा सके।

देशभक्त ने बताया कि जदूय के अधिकांश नेता व कार्यकर्ता अपने शीर्ष नेतृत्व की कारगुजारी से व्यथित होकर नए विकल्प की तलाश में हैं। ऐसी स्थिति में समता पार्टी ने अपने नेताओं व कार्यकर्ताओं की घर वापसी के लिए एक विशेष योजना शुरू की है। उन्होंने बताया कि बिहार राज्य की जनता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को धोखाधड़ी व जंगलराज फैलाने की सजा अवश्य देगी।