उत्तर प्रदेश में बनेगी समाजवादी पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार: मलिक
सहारनपुर [24CN]। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधान परिषद सदस्य आशु मलिक ने कहा कि केंद्र व उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकारों की गलत नीतियों की वजह से समाज का प्रत्येक व्यक्ति त्रस्त है और समाजवादी पार्टी की ओर उम्मीद की नजरों से देख रहा है। इसलिए कार्यकर्ता आगामी विधानसभा चुनाव में जीत का लक्ष्य लेकर चुनाव प्रचार में जुट जाएं ताकि उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई जा सके।
पूर्व विधान परिषद सदस्य आशु मलिक आज यहां बेहट रोड स्थित रसूलपुर में वरिष्ठ सपा नेता बिलाल प्रधान व हाफिज मोहम्मद उवैस द्वारा आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा सरकार द्वारा एक ओर जहां रिकार्ड विकास कार्य कराने का काम किया गया था। वहीं दूसरी ओर समाज के सभी वर्गों के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं लागू करने का काम किया गया था। उन्होंने केंद्र व उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकारों पर जनता को धर्म व जाति के नाम पर आपस में लड़ाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं है। इसलिए भाजपा जनता को बरगलाने के लिए धर्म व जाति का सहारा ले रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने सपा सरकार द्वारा लागू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद कर दिया है।
उन्होंने जनता से आह्वान किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में सपा प्रत्याशियों को रिकार्ड मतों से विजयी बनाने का काम करें ताकि उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृव में पूर्ण बहुमत की सरकार बन सके ताकि प्रदेश में हिंदू, मुस्लिम, सिर्ख, ईसाई सभी धर्मों के लोगों के विकास की गंगा बहाने का काम किया जा सके। कार्यक्रम को हाफिज मोहम्मद उवैश, बिलाल प्रधान, मो. हुसैन जिलानी, राशिद, मो.यूसुफ, मो. इंतजार, मो. खालिद, मो. रिजवान, मो. रशीद ने भी सम्बोधित किया। इस दौरान भारी संख्या में सपा कार्यकर्ता व क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
