गणतंत्र दिवस पर जवानों को सलाम… आतंकियों को धूल चटाने वाले वाले 6 शूरवीरों को शौर्य चक्र

गणतंत्र दिवस पर जवानों को सलाम… आतंकियों को धूल चटाने वाले वाले 6 शूरवीरों को शौर्य चक्र
  • नायब सूबेदार सोमबीर (मरणोपरांत), लेफ्टिनेंट कर्नल ज्योति लामा, मेजर केबी सिंह, नायब सूबेदार नरेंद्र सिंह, नायक नरेश कुमार और सिपाही कर्मदेव ओरांव को दिया गया यह सम्मान
  • उप सेना प्रमुख एसके सैनी, लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह समेत थल सेना, नौसेना और वायुसेना के 28 वीरों को परम विशिष्ट सेवा मेडल
  • 4 को उत्तम युद्ध सेवा, 53 को अति विशिष्ट सेवा मेडल दिया गया
  • 4 को राष्ट्रपति पुलिस वीरता पदक, 93 को विशिष्ट सेवा पदक

71वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर सेना और सुरक्षाबलों को वीरता पुरस्कारों से नवाजे जाने का एलान कर दिया गया है। राष्ट्रपति ने सेना को 409 वीरता पुरस्कारों से सम्मानित करने पर मुहर लगाई है। इनमें आतंकियों को धूल चटाने वाले सेना के छह जांबाजों समेत 9 लोगों को शौर्य चक्र दिया गया है।

वहीं, थल सेना, नौसेना व वायुसेना के 28 सूरमाओं को परम विशिष्ट सेवा मेडल, 4 को उत्तम युद्ध सेवा मेडल, 53 को अति विशिष्ट सेवा मेडल, 10  को युद्ध सेवा मेडल दिया गया है। उप सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एसके सैनी, सेना की उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह और एडजुटेंट जनरल लेफ्टिनेंट जनरल अरविंद दत्ता समेत 28 अफसरों को परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया गया है।

नायब सूबेदार सोमबीर को मरणोपरांत शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में आतंकियों को मार गिराया था। इसके अलावा लेफ्टिनेंट कर्नल ज्योति लामा, मेजर केबी सिंह, नायब सूबेदार नरेंद्र सिंह, नायक नरेश कुमार और सिपाही करमदेव ओरांव को भी शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है।

बाकी तीन शौर्य चक्र गृह मंत्रालय के तीन लोगों को मरणोपरांत दिया गया है। वहीं, सुरक्षा बलों को दिए गए वीरता पुरस्कारों के तहत 4 राष्ट्रपति पुलिस वीरता पदक और 286 वीरता पुरस्कार दिए गए। जम्मू-कश्मीर पुलिस एसएसपी अब्दुल जब्बार, डीएसपी गुलाम हसन शेख और कांस्टेबल आसिफ इकबाल कुरैशी को वीरता के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक दिए जाने का एलान किया गया।

कांस्टेबल उत्पल राभा को भी मरणोपरांत राष्ट्रपति पुलिस पदक दिया गया है। इसके अलावा 93 को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति का पुलिस पदक और 657 को मेधावी सेवा के लिए पुलिस पदक दिया गया है।

जम्मू-कश्मीर पुलिस को सबसे ज्यादा 108 वीरता पदक
जम्मू-कश्मीर पुलिस को सबसे ज्यादा 108 वीरता पदक दिया गया है। इनमें वीरता के लिए 105 पुलिस पदक और तीन राष्ट्रपति पुलिस पदक शामिल हैं। वहीं, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को 76 वीरता पदक दिए गए हैं, जिसमें 75 पुलिस पदक जबकि एक राष्ट्रपति पुलिस पदक (मरणोपरांत) मिला है।

वहीं, झारखंड पुलिस को 33 पुलिस पदक दिए गए हैं। गृह मंत्रालय के आदेश के मुताबिक, केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर की पुलिस को यह सम्मान घाटी में आतंक रोधी अभियानाें में शामिल होने के लिए दिया गया है।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे