जयंती पर किया नेताजी सुभाष चंद्र बोस को नमन

जयंती पर किया नेताजी सुभाष चंद्र बोस को नमन
  • सहारनपुर में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के चित्र पर पुष्प अर्पित करते सपाई।

सहारनपुर। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उनका भावपूर्ण स्मरण किया तथा स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान सुभाष चंद्र बोस के अद्वितीय योगदान से प्रेरणा लेने का आह्वान किया गया। स्थानीय अम्बाला रोड स्थित सपा जिला कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने महान स्वतंत्रता सेनानी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए पूर्व मंत्री मांगेराम कश्यप व पूर्व महानगर अध्यक्ष फैसल सलमानी ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने देश की आजादी के आंदोलन में अपने कर्तव्य व निष्ठा के साथ जो कार्य किया उसे भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के कार्यों व जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुमन लता राकेश व जिला उपाध्यक्ष हसीन कुरैशी ने कहा कि देश की आजादी के संग्राम में नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने आजाद हिंद फौज की स्थापना कर ब्रिटिश सरकार के नाक में नकेल डालने का काम किया था तथा तुम मुझे खून दो मैं तुम्हें आजादी दूंगा का नारा बुलंद करते हुए युवाओं को आजादी के आंदोलन से जोडऩे का काम किया था। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के आंदोलन में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

वरिष्ठ नेता अमरीश चौटाला व विशाल यादव ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वारा आजादी के लिए दी गई कुर्बानियों को जन-जन तक पहुंचाना चाहिए क्योंकि उन्होंने आजाद हिंद फौज का गठन कर देश में एक नई क्रांति का सूत्रपात किया था जिसके चलते ब्रिटिश शासन की चूलें हिल गई थी। उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस देश के युवाओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहे हैं। हमें उनके संघर्ष व कुर्बानी से शिक्षा लेते हुए युवाओं का मार्गदर्शन करना चाहिए। इस दौरान चौ. जुमला सिंह, फहाद सलीम, रामकुमार विश्वकर्मा, वासिल तोमर, वेदपाल पटनी, कुंवरपाल अहमदपुर, कयूब रतनाखेड़ी, साबरीन अंसारी, दौलत जायसवाल सहित भारी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।