सहारनपुर पुलिस की माफिया पर सर्जिकल स्ट्राइक: हाजी इकबाल उर्फ बाला की 275 करोड़ से अधिक संपत्ति कुर्क

सहारनपुर पुलिस की माफिया पर सर्जिकल स्ट्राइक: हाजी इकबाल उर्फ बाला की 275 करोड़ से अधिक संपत्ति कुर्क
  • सहारनपुर में कुर्की की कार्यवाही के दौरान मुनादी करती पुलिस।

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सहारनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रदेश स्तर पर टॉप-10 माफिया में चिन्हित हिस्ट्रीशीटर हाजी इकबाल उर्फ बाला की 275 करोड़ 97 लाख से अधिक की अचल संपत्ति गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क कर ली। यह कार्रवाई जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर क्षेत्राधिकारी बेहट एवं एसडीएम बेहट की मौजूदगी में नियमानुसार मुनादी कराकर संपन्न कराई गई।

पुलिस के अनुसार हाजी इकबाल उर्फ बाला के विरुद्ध जनपद के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 52 संगीन मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (ब्ठप्) और सीरियस फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन ऑफिस (सीबीई) जैसी केंद्रीय एजेंसियां भी उसके विरुद्ध विभिन्न मामलों की जांच कर रही हैं। जांच में यह भी सामने आया कि अभियुक्त ने अवैध तरीके से अर्जित संपत्तियों को छिपाने के लिए कई संपत्तियां अन्य लोगों के नाम पर तथा शेल कंपनियों के माध्यम से खरीदी थीं। पुलिस द्वारा इन्हीं बेनामी और अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क किया गया है।

गौरतलब है कि इससे पूर्व भी सहारनपुर पुलिस द्वारा हाजी इकबाल उर्फ बाला की लगभग 837 करोड़ रूपए की अवैध संपत्ति कुर्क की जा चुकी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि माफिया और संगठित अपराध के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा अन्य चिन्हित अपराधियों के खिलाफ भी सुनियोजित अभियान के तहत कठोर कदम उठाए जाएंगे। पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई को जिले में माफिया के विरुद्ध बड़ी और प्रभावी कार्रवाई माना जा रहा है।


Leave a Reply