सहारनपुर-मिशन शक्ति: महिलाओं को कचरा प्रबंधन के गुर सिखाये

- सहारनपुर में उत्तराखंड कॉलोनी में कार्यशाला को संबोधित करते नगर स्वास्थय अधिकारी डॉ.कुनाल जैन।
सहारनपुर [24CN]। नगर निगम द्वारा आईटीसी मिशन सुनहरा कल के सहयोग से रविवार को सौ फुटा रोड स्थित उत्तराखण्ड कॉलोनी तथा फोर्स एनजीओ के सहयोग से वार्ड 64 नेशनल मुस्लिम एकेडमी में मिशन शक्ति के तहत कचरा प्रबंधन कार्यशालाओं एवं विचार गोष्ठियों का आयोजन किया गया। कार्यशाला में महिलाओं को डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन में सहयोग देने तथा जैविक कचरे से होम कंपोस्टिंग आदि की जानकारी देने के साथ ही प्लास्टिक उपयोग से बचने के लिए प्र्रेरित किया गया। वक्ताओं ने महिलाओं को स्वावलंबी बनने पर भी जोर दिया। प्रदेश शासन द्वारा एक अगस्त से शुरु किये गए मिशन शक्ति कार्यक्रमों की श्रंखला में रविवार को उक्त कार्यक्रमों का का आयोजन किया गया।
मिशन शक्ति कार्यक्रमों का आयोजन 31 दिसंबर 2021 तक चलेगा। उत्तराखंड कॉलोनी कार्यशाला में क्षेत्र की महिलाओं को संबोधित करते हुए नगर स्वास्थय अधिकारी डॉ.कुनाल जैन ने स्वस्थता और स्वच्छता पर बल देते हुए कचरा प्रबंधन को अपनाने और पॉलिथीन के उपयोग से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि पॉलिथीन एक ऐसा राक्षस है जो न केवल जल, वायु और जमीन को प्रदूषित कर रहा है बल्कि धीरे-धीरे व्यक्तियों के जीवन में जहर घोलते हुए लोगों को जानलेवा बीमारियां भी बांट रहा है। डॉ. कुनाल ने महिलाओं को स्वयं सहायता समूह के माध्यम से लघु उद्योगों को अपनाकर आत्म निर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। मुख्य सफाई निरीक्षक अमित तोमर ने कहा कि हम तभी स्वस्थ रह सकते है जब हमारे आस पास का परिवेश साफ सुथरा हो। इसके लिए हमें कम से हम कूड़ा जनरेट करना होगा और उसका समुचित प्रबंधक करना होगा। उन्होंने डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन में सहयोग देने और किचन के जैविक कचरे से होम कंपोस्ंिटग खाद बनाने पर बल दिया। आईटीसी मिशन सुनहरा कल उमंग के मयंक पाण्डे ने भी होम कंपोस्टिंग के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
वार्ड 64 नेशनल मुस्लिम एकेडमी स्कूल में नगर निगम द्वारा आईटीसी मिशन सुनहरा कल एनजीओ फोर्स के सहयोग से महिला सशक्तिकरण एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें अनेक मौहल्ला समिति से संबद्ध महिलाओं ने हिस्सा लिया। मुख्य सफाई निरीक्षक इंद्रपाल व फोर्स के प्रोजेक्ट को-आर्डिनेटर मौहम्मद अर्श ने महिलाओं से गीले कचरे व सूखे कचरे को अलग एकत्रित कर उसके प्रबंधन की जानकारी दी। सफाई निरीक्षक आनंद कुमार ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा के सम्बंध में उठाये गए कदमों की भी जानकारी दी। कार्यक्रम को गुलशन खां, एडवोकेट अमजद खां आदि ने भी संबोधित किया। तबरेज अफगान, प्रीती ठकराल, आशा रानी, सीमा, अर्शी, सीमा, सविता, फरहना, प्रीती बर्मन आदि भी मौजूद रहे।