बम भोले के जयकारों से गूंजा सहारनपुर

बम भोले के जयकारों से गूंजा सहारनपुर
  • सहारनपुर में अपने गंतव्य को जाते शिवभक्त कांवडि़ए।

सहारनपुर। पवित्र श्रावण मास की शिव चतुर्दशी तिथि जैसे-जैस नजदीक आती जा रही है। वैसे-वैसे हरिद्वार पवित्र गंगाजल लेकर आने वाले कांवडिय़ों की संख्या में बढ़ोत्तरी होने लगी है। शिवभक्त कांवडि़ए बम-बम बोल के जयकारे लगाते हुए अपने गंतव्य की ओर जा रहे हैं जिस कारण पूरा कांवड़ यात्रा मार्ग भक्तिमय हो रहा है।

गौरतलब है कि श्रावण मास की कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि से ही हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर शिवभक्त कांवडिय़ों का आगमन शुरू हो गया था। शिवभक्त कांवडिय़ों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन द्वारा एक ओर जहां सम्पूर्ण कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। वहीं दूसरी ओर वाहनों का रूट भी डायवर्जन किया गया है ताकि शिवभक्त कांवडिय़ों को अपने गंतव्य को जाने के लिए किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उधर अनेक सामाजिक, व्यापारिक व धार्मिक संगठनों द्वारा शिवभक्त कांवडिय़ों की सहायता के लिए जगह-जगह कांवड़ सेवा शिविर लगाए गए हैं जहां उनके ठहरने, आराम करने, भोजन व चिकित्सा आदि की व्यवस्था की गई है। जैसे-जैसे शिवभक्त कांवडि़ए बम-बम बोल के नारे लगाते अपने गंतव्य को जा रहे हैं। वैसे-वैसे शिवभक्त कांवडिय़ों को देखने के लिए सड़कों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ता है। अपने पैरों में घुंघरू बांधकर बम भोले के जयकारे लगाते हुए रंग-बिरंगी कांवड़ों को लेकर गुजर रहे हैं जिस कारण एक ओर नगर का माहौल भक्तिमय हो रहा है। वहीं दूसरी ओर शिवभक्त कांवडिय़ों की रंग-बिरंगी कांवड़ श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।