जनपद की सभी सातों सीटों पर सपा गठबंधन लहराएगा जीत का परचम: रूद्रसैन

- सहारनपुर में अपने आवास पर गठबंधन प्रत्याशियों को मिले मतों का आंकलन करते सपा प्रदेश सचिव चौ. रूद्रसैन।
सहारनपुर [24CN]। समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव चौ. रूद्रसैन ने कहा कि जिले की सभी सातों विधानसभा सीटों पर सपा प्रत्याशी रिकार्ड मतों से जीत हासिल करेंगे। उन्होंने सपा-रालोद गठबंधन का समर्थन करने पर मतदाताओं का आभार भी जताया।
सपा प्रदेश सचिव चौ. रूद्रसैन आज यहां आदर्श विहार स्थित अपने आवास पर समर्थकों के साथ चुनावी चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के द्वितीय चरण में सहारनपुर जनपद की सभी सातों विधानसभा सीटों पर जिस तरह जाति व धर्म की भावनाओं से ऊपर उठकर सपा गठबंधन प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान किया है, उसके दम पर सपा-रालोद गठबंधन जिले की सभी सातों सीटों पर जीत का परचम लहराने का काम करेगा और उत्तर प्रदेश में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव की सरकार बनाने का मार्ग प्रशस्त करेगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों से त्रस्त किसान, मजदूर, व्यापारी व गरीब वर्ग के लोगों ने सपा का समर्थन करने का काम किया है क्योंकि सपा ही जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का काम करती है। इस दौरान वरिष्ठ सपा नेता पुष्पेंद्र चौधरी, प्रदेश सचिव चौ. रूद्रसैन के प्रतिनिधि प्रवीण बांदूखेड़ी, संदीप चौधरी, राव वजाहत, सोनू चौधरी, वासिल तोमर, अनुज प्रधान मदनूकी, अमजद भाटी, रालोद नेता डा. सुभाष आदि मौजूद रहे।