‘मेरे बयान पर लोगों को गलतफहमी हुई’, मराठी को लेकर RSS नेता भैयाजी जोशी की सफाई

मुंबई: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के नेता सुरेश भैयाजी जोशी ने मराठी भाषा को लेकर हुए विवाद के बाद अपनी सफाई दी है। उन्होंने कहा मराठी मेरी मातृभाषा है और मुझे इस पर गर्व है। भैयाजी जोशी ने कहा, मुंबई के एक उपनगर में एक कार्यक्रम में मेरे कहे हुए वक्तव्य को लेकर गलतफहमी हुई है। ऐसा मुझे लगता है। ये सवाल ही नहीं उठता है कि मुंबई की भाषा मराठी नहीं है। महाराष्ट्र की भाषा मराठी है और मुंबई महाराष्ट्र में है तो स्वाभाविक तौर पर मुंबई की भाषा मराठी है।
मुंबई और महाराष्ट्र की भाषा मराठी
उन्होंने कहा कि मराठी मेरी मातृभाषा है और मुझे इस पर गर्व है। मुंबई और महाराष्ट्र की भाषा मराठी है। भारत में विविध भाषाएं बोली जाती है। मुंबई में भी विभिन्न भाषाओं के बोलने वाले लोग रहते हैं। स्वाभाविक तौर पर यह अपेक्षा रहती है कि वे लोग भी मुंबई में रहकर मराठी सीखें। बुधवार को मुंबई के घाटकोपर क्षेत्र में एक कार्यक्रम में की गई टिप्पणी के बाद उनकी सफाई आई है। भैयाजी जोशी की टिप्पणी की विपक्षी शिवसेना (उबाठा) और कांग्रेस ने कड़ी आलोचना की थी।
एक कार्यक्रम में भाषा को लेकर दिया था बयान
भैया जी जोशी ने बुधवार को कहा था, ‘‘मुंबई में कोई एक भाषा नहीं है। मुंबई के हर हिस्से की अलग-अलग भाषा है। घाटकोपर इलाके की भाषा गुजराती है। इसलिए अगर आप मुंबई में रहते हैं, तो यह जरूरी नहीं है कि आपको मराठी सीखनी पड़े।’’ उनके इस बयान पर विपक्षी दलों ने हंगामा मचाना शुरू कर दिया। सियासी बवाल उठने के बाद भैया जी जोशी को इस पर सफाई देनी पड़ी।