RSS All India Executive Board: संघ ने कार्य विस्तार के लिए स्वयंसेवकों से मांगा समय

RSS All India Executive Board: संघ ने कार्य विस्तार के लिए स्वयंसेवकों से मांगा समय
  • राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अपने शताब्दी वर्ष तक देश के सभी मंडलों तक पहुंचने की योजना बनाई है। इसके लिए संघ ने स्वयंसेवकों से दो वर्ष के लिए समय मांगा है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने पत्रकारों से बातचीत में जानकारी दी।

रांची। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अपने शताब्दी वर्ष तक देश के सभी मंडलों तक पहुंचने की योजना बनाई है। इसके लिए संघ ने स्वयंसेवकों से दो वर्ष के लिए समय मांगा है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक के अंतिम दिन पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि संघ अपने शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में मार्च 2024 तक देश के सभी मंडलों यानी ग्राम पंचायत तक पहुंचने की योजना पर काम कर रहा है। इसके लिए देश के सभी प्रखंड स्तर पर एक पूर्णकालिक कार्यकर्ता की जरूरत होगी। इस तरह कुल छह हजार पूर्णकालिक कार्यकर्ता की जरूरत होगी। इसलिए संघ ने स्वयंसेवकों से अगले वर्ष से कम से कम दो वर्ष के लिए पूर्णकालिक के रूप में काम करने के लिए समय मांगा है।

900 जिलों में है संघ का काम

दत्तात्रेय ने कहा कि देश के 910 जिलों में से 900 जिलों में संघ का काम है। 560 जिले ऐसे हैं जिसके जिला मुख्यालयों में कम से कम पांच शाखाएं लगती हैं। 84 जिले ऐसे हैं जिसके सभी मंडलों में शाखाएं लगती हैं। अभी 32687 मंडल यानी ग्राम पंचायत में संघ का काम है। जहां तक शाखा की बात है तो देश के 34 हजार स्थानों पर दैनिक शाखाएं लगती हैं। 12718 स्थानों पर साप्ताहिक और 7900 स्थानों पर पाक्षिक व मासिक मिलन केंद्र चल रहे हैं। वैसे देश में 54382 शाखाएं लग रही हैं। नगालैंड, मिजोरम व कश्मीर में अभी दैनिक शाखाएं नहीं लग रही हैं। वैसे सेवा के काम चल रहे हैं। लक्षद्वीप में साप्ताहिक मिलन केंद्र चल रहे हैं।

स्वतंत्रता आंदोलन के गुमनाम सेनानियों को समाज के सामने लाया जाएगा

सरकार्यवाह ने कहा कि स्वतंत्रता का अमृत महोत्सव पूरा देश मना रहा है। इस आंदोलन में भाग लेने वाले सैकड़ों ऐसे लोग हैं जिन्हें लोग नहीं जानते हैं। वैसे लोगों के बारे में समाज को जानकारी दी जाएगी। पूरे देश में कई तरह के कार्यक्रम होंगे। लोगों में स्व के भाव जगाए जाएंगे। युवाओं में भी यह भाव जगाया जाएगा की भारत को हर मोर्चे पर श्रेष्ठ देश के रूप में स्थापित करने के लिए संकल्प लेना है। इसके साथ ही समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने के लिए भी अभियान चलाया जाएगा।

रोजगार सृजन के लिए प्रयास किए जाएंगे

उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण के कारण लाखों लोग बेरोजगार हो गए और शिक्षा की भी स्थिति खराब हुई। रोजगार सृजन के लिए कौशल विकास को संघ बढ़ावा देगा। स्थानीय स्कील को बढ़ावा देते हुए प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि गुरु तेगबहादुर के 400 वे प्रकाश वर्ष को भी समाज के साथ मिलकर संघ मनाएगा। इस मौके पर अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आ़़ंबेकर भी उपस्थित थे।