‘महिलाओं को हर महीने 3000, 6 महीने के अंदर UCC’, बंगाल के लिए BJP ने मेनिफेस्टो में किए ऐसे वादे कि उड़ गई विरोधियों की नींद
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर आज बीजेपी ने अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है। कोलकाता में एक भव्य समारोह में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बीजेपी का घोषणा पत्र जारी किया। इसके लिए जो मंच तैयार किया गया, उस पर बीजेपी ने स्लोगन लिखा था- ”भरोसे का शपथ प्रकाश, भय नहीं भरोसा।” बीजेपी ने पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए अपने घोषणा पत्र को भरोसा पत्र नाम दिया है।
‘बंगाल की जनता को गहरी निराशा से निकालने का रास्ता है- बीजेपी का संकल्प पत्र’
अमित शाह ने इस मौके पर कहा कि बंगाल की जनता को गहरी निराशा से निकालने का रास्ता है बीजेपी का संकल्प पत्र। शाह ने दावा किया कि इस घोषणा पत्र में विकसित बंगाल का पूरा रोडमैप शामिल है। सबसे अहम बात ये है कि बीजेपी ने घोषणा पत्र में बंगाल के लिए अपना खजाना खोल दिया है। महिलाओं को 3 हजार रुपये महीना देने का ऐलान हुआ है। साथ ही 6 महीने के अंदर UCC लागू करने का भी वादा बीजेपी ने किया है। इसके साथ ही सातवां वेतन आयोग और केंद्र की तमाम योजनाओं को बंगाल में लागू किए जाने की बात इसमें शामिल है।
BJP के मेनिफेस्टों में क्या-क्या ऐलान?
- बीजेपी की सरकार बनने पर महिलाओं को हर महीने 3000 रुपये दिए जाएंगे।
- घुसपैठ पर जीरो टॉलरेंस होगा।
- बंगाल में 6 महीने के अंदर UCC लागू होगा।
- 45 दिन के अंदर सातवां वेतन आयोग लागू होगा।
- भ्रष्टाचारियों को जेल- हिंसा जहां कहीं भी हुई है।
- रिटायर्ड सुप्रीम कोर्ट के जज को लाकर कमेटी बनाकर दोषियों को पकड़ा जाएगा।
पश्चिमी मेदिनीपुर में चुनावी हुंकार भरेंगे शाह
बीजेपी के संकल्प पत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वो 6 गारंटी भी शामिल की गई है जिनका ऐलान एक दिन पहले ही पीएम मोदी ने किया था। वहीं, आज गृहमंत्री अमित शाह पश्चिमी मेदिनीपुर में चुनावी हुंकार भरेंगे। अमित शाह दोपहर 3 बजे डेबरा के बालिचक भजहरि हाई स्कूल मैदान रैली को संबोधित करेंगे। शाह की दूसरी रैली शाम 5 बजे खड़गपुर सदर के अतुलमोनी स्कूल में होगी।
बंगाल को PM मोदी की क्या-क्या गारंटी?
- पहली गारंटी: ‘TMC ने भय फैलाया बीजेपी भरोसा कायम करेगी’
- दूसरी गारंटी: ‘बीजेपी सरकार में सरकारी सिस्टम सिर्फ जनता के लिए काम करेगी’
- तीसरी गारंटी: ‘हर घोटाले, हर करप्शन, बेटियों के साथ अन्याय की हर फाइल खुलेगी’
- चौथी गारंटी: ‘हर घोटालेबाज की जगह जेल में होगी चाहे कितना बड़ा मंत्री ही क्यों ना हो’
- पांचवीं गारंटी: ‘शरणार्थियों को हर हक मिलेगा और घुसपैठियों को भारत से खदेड़ा जाएगा’
- छठी गारंटी: ‘बीजेपी की सरकार बनते ही सांतवां वेतन आयोग लागू होगा’
