RR vs CSK Match Preview: पुरानी टीम के सामने होंगे संजू सैमसन और रवींद्र जडेजा, एमएस धोनी के बिना उतरेगी चेन्नई

RR vs CSK Match Preview: पुरानी टीम के सामने होंगे संजू सैमसन और रवींद्र जडेजा, एमएस धोनी के बिना उतरेगी चेन्नई

गुवाहाटी: पिछले एक दशक से अधिक राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रहे संजू सैमसन अब आईपीएल में सोमवार को उसी टीम के विरुद्ध चेन्नई सुपर किंग्स की जर्सी में नजर आएंगे, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स टीम का हिस्सा रहे रवींद्र जडेजा अब राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने जा रहे हैं।

पिछले दस साल से अधिक समय से सैमसन रॉयल्स टीम के कप्तान और स्टार बल्लेबाज रहे हैं। उनकी कप्तानी में रॉयल्स 2022 में फाइनल तक पहुंची थी। जिस तरह से चेन्नई की पहचान महेंद्र सिंह धोनी हैं, वैसे ही रॉयल्स की पहचान सैमसन बन गए थे, लेकिन इस सत्र से पहले हुई अदला बदली में अब जडेजा रॉयल्स के लिए खेलेंगे और भारत की टी-20 विश्व कप जीत के नायक रहे सैमसन चेन्नई टीम का हिस्सा होंगे।

चेन्नई के लिए करेंगे ओपनिंग

सैमसन ने टी-20 विश्व कप में वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के विरुद्ध आखिरी तीन मैचों में 50 से अधिक रन बनाकर भारत की खिताबी जीत में सूत्रधार की भूमिका निभाई। वह चेन्नई के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के साथ पारी की शुरुआत करेंगे और टीम के कोर नेतृत्व का भी हिस्सा होंगे, हालांकि, धोनी फिटनेस कारणों से कम से कम दो सप्ताह नहीं खेल पाएंगे। धोनी टीम के साथ गुवाहाटी नहीं आए हैं और उनकी गैर मौजूदगी में सैमसन तथा गायकवाड़ पर नजरें रहेंगी।

प्रशांत वीर को मिल सकता है मौका

धोनी की गैर मौजूदगी में 20 साल के बाएं हाथ के स्पिनर ऑलराउंडर प्रशांत वीर को मौका मिल सकता है, जिन्होंने घरेलू टी-20 मैचों में प्रभावित किया। उनके अलावा 14.2 करोड़ रुपये में खरीदे गए कार्तिक शर्मा भी फोकस में होंगे जो घरेलू सर्किट में छक्के लगाने के अपने हुनर के लिए जाने जाते हैं।

चेन्नई की बल्लेबाजी मजबूत लग रही है। डेवाल्ड ब्रेविस अब परिपक्व हो चले हैं, जबकि शिवम दुबे मध्यक्रम के भरोसेमंद बल्लेबाज बन गए हैं। युवा आयुष म्हात्रे भी तेजी से निखरते जा रहे हैं। गेंदबाजी में नूर अहमद, अकील हुसैन, मैट हेनरी और खलील अहमद जिम्मेदारी संभालेंगे।

रियान की कप्तानी में एक नए दौर की शुरुआत

राजस्थान रॉयल्स के लिए सैमसन का जाना एक युग का अंत है और रियान पराग की कप्तानी में एक नए दौर की शुरुआत है जो अपने घरेलू मैदान से कप्तानी की शुरुआत करेंगे। जडेजा के आने से टीम का अनुभव और संतुलन बढ़ा है। उनकी बल्लेबाजी का दारोमदार यशस्वी जायसवाल पर रहेगा। उनके साथ युवा वैभव सूर्यवंशी और फॉर्म में चल रहे शिमरन हेटमायेर हैं।

रॉयल्स के लिए चिंता का सबब उसकी गेंदबाजी है। पिछले सत्र के बाद टीम में कई बदलाव हुए हैं लेकिन जोफ्रा आर्चर की अगुआई में तेज गेंदबाजों को निरंतरता पर काम करना होगा। स्पिन का जिम्मा जडेजा और रवि बिश्नोई संभालेंगे। पिछले सत्र में चेन्नई आखिरी स्थान पर और रॉयल्स नौवें स्थान पर रही थी।

टीमें:

राजस्थान रॉयल्स: रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरैल, डोनोवन फरेरा, लुआन ड्रे प्रिटोरियस, रवि सिंह, अमन पेराला, शिमरन हेटमायेर, शुभम दुबे, वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, रवींद्र जडेजा, सैम करन, एडम मिल्ने, बृजेश शर्मा, जोफ्रा आर्चर, कुलदीप सेन, क्वेना मफाका, नांद्रे बर्गर, रवि बिश्नोई और संदीप शर्मा।

चेन्नई सुपर किंग्स: ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), संजू सैमसन, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, आयुष म्हात्रे, मैट हेनरी, अकील हुसैन, नूर अहमद, जैमी ओवर्टन, मैथ्यू शॉर्ट, खलील अहमद, जॉक फोकेस, अंशुल कंबोज, नाथन एलिस, सरफराज खान, राहुल चाहर, कार्तिक शर्मा, उर्विल पटेल, अमन खान, रामाकृष्णा घोष, प्रशांत वीर, श्रेयस गोपाल, गुरजपनीत सिंह और मुकेश चौधरी।


Leave a Reply