शिविर में रोवर्स व रेंजर्स को कराया योगाभ्यास
- सहारनपुर में रोवर्स व रेंजर्स के शिविर में जानकारी देती प्रशिक्षक।
सहारनपुर [24CN]। जेवी जैन कालेज की रोवर्स व रेंजर्स इकाई के शिविर में आज तीसरे दिन रोवर्स व रेंजर्स को योग क्रिया, ध्यान व सूर्य नमस्कार आदि क्रियाओं का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। जेवी जैन कालेज में चल रहे रोवर्स व रेंजर्स इकाई के पांच दिवसीय शिविर के तीसरे दिन का शुभारम्भ शिविर प्रभारी धर्मेंद्र कुमार व डा. मनीषा सैनी ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण करके किया।
कार्यक्रम में भारत स्काउट गाइड के प्रशिक्षण अनिल भारद्वाज व श्रीमती दीपमाला चौधरी द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न व्यायामों का प्रशिक्षण देकर स्वयं को स्वस्थ रखने के बारे में जागरूक किया गया। इसके बाद प्रतिभागियों को विभिन्न गांठों के बारे में तथा स्काउट गाइड के इतिहास एवं विकास के बारे में प्रशिक्षित किया गया। शिविर के द्वितीय सत्र में आशा माडर्न स्कूल की पूर्व शिक्षिका श्रीमती साधना शर्मा ने योग, क्रिया, ध्यान, आध्यात्मिकता एवं विकास, सूर्य नमस्कार आदि क्रियाओं का प्रशिक्षण दिया। इसी कड़ी में जेवी जैन कालेज के शिक्षा विभाग के पूर्व अध्यक्ष डा. डी. के. शर्मा ने समाज में रोवर्स व रेंजर्स की भूमिका के बारे में जानकारी दी। शिविर में सिमरन, जिज्ञासा, रिया, उपासना, सृष्टि, अर्शी, सागर, संयम, अंश, मिथुन, विकास, आशीष, सौरभ आदि मौजूद रहे।
