निर्माणाधीन सड़क का कार्य अधूरा, व्यापारियों व क्षेत्रवासियों में आक्रोश
- सहारनपुर में कांग्रेस युवा जिलाध्यक्ष गौरव वर्मा।
सहारनपुर। भारतीय युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष गौरव वर्मा ने आवास विकास क्षेत्र में निर्माणाधीन सड़क का कार्य लंबे समय से अधूरा पड़े होने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने जारी बयान में कहा कि जैन प्रोविजन से आर्य डेयरी के सामने होते हुए हरि मंदिर स्थित डॉ. विनय जोशी के क्लीनिक तक बनाई जा रही सड़क का निर्माण कार्य काफी समय से अधर में लटका हुआ है।
वर्मा ने बताया कि इस संबंध में नगर निगम के अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कार्य को पूरा कराने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। पिछले एक सप्ताह से निर्माण सामग्री पूरी सड़क पर डाली हुई है, जिससे त्यौहार के दिनों में स्थानीय व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। साथ ही आम नागरिकों को आवागमन में भी गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांग की कि संबंधित कार्यदायी संस्था को प्राथमिकता के आधार पर सड़क निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए जाएं। गौरव वर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि क्षेत्रवासी अब इस देरी को अधिक समय तक बर्दाश्त नहीं करेंगे और लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम को क्षेत्रवासियों के सब्र की परीक्षा लेने के बजाय जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा कराना है।
