रालोद कार्यकर्ताओं ने महापंचायत में भागीदारी के लिए मुजफ्फरनगर किया कूच
सहारनपुर [24CN]। राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने आज जिलाध्यक्ष राव केसर व प्रदेश महासचिव चौ. धीरसिंह के नेतृत्व में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी के निर्देश पर मुजफ्फरनगर के राजकीय इंटर कालेज के मैदान पर आयोजित होने वाली पंचायत में भागेदारी के लिए भारी संख्या में कूच किया। रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी द्वारा मुजफ्फरनगर में आयोजित होने वाली किसान महापंचायत में भागीदारी की सूचना मिलते ही पार्टी कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष राव केसर व प्रदेश महासचिव चौ. धीरसिंह के नेतृत्व में मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हो गए। कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए राव केसर व चौ. धीरसिंह ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकारें किसान आंदोलन को कुचलना चाहती हैं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किसानों को अकेला न समझें। चौ. अजित सिंह उनके साथ खड़े हैं। यदि किसानों को जरा सी भी आंच आई तो रालोद कार्यकर्ता जयंत चौधरी के नेतृत्व में कंधे से कंधा मिलाकर सड़कों पर आकर संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि रालोद का एक-एक कार्यकर्ता जयंत चौधरी व चौ. अजित सिंह के निर्देश का इंतजार कर रहा है। उनके निर्देश पर सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है जिसके चलते रालोद किसानों की अनदेखी व उन पर अत्याचार किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं करेगा। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष चौ. गजेंद्र, क्षेत्रीय सचिव इरफान, जिला उपाध्यक्ष राव फरमान, नीरज पूनिया, पंकज, डा. राममेहर, सागर चौधरी, पार्षद आसिफ, हरपाल वाल्मीकि, अशोक मुखिया, रविंद्र गुर्जर, सतपाल कालड़ा, राव जान मोहम्मद, हरीश मुखिया, राव अखलाक आदि मौजूद रहे।