रालोद कार्यकर्ताओं ने निकाली किसान सम्मान तिरंगा यात्रा
- सहारनपुर में किसान सम्मान तिरंगा यात्रा निकालते रालोद कार्यकर्ता।
सहारनपुर [24CN] । राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने किसान, सम्मान तिरंगा यात्रा निकालकर केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए तीनों कृषि कानूनों को अविलम्ब वापस लिए जाने की मांग की। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत रालोद कार्यकर्ता सैंकड़ों की संख्या में अपने ट्रैक्टर लेकर गांधी पार्क में एकत्र हुए जहां से वह केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ट्रैक्टरों पर सवार होकर जुलूस के रूप में घंटाघर, देहरादून चौक, चौधरी चरणसिंह चौक, दीवानी कचहरी होते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। रालोद कार्यकर्ताओं ने रास्ते में शहीद भगतसिंह व चौ. चरणसिंह की प्रतिमाओं पर भी माल्यार्पण किया। जिला मुख्यालय के मुख्य द्वार पर जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में नगर मैजिस्ट्रेट सुरेश सोनी ने ज्ञापन लिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राव कैसर व प्रदेश महासचिव चौ. धीरसिंह ने कहा कि केंद्र सरकार को तीनों काले कृषि कानून वापस लेने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की तानाशाही के चलते इस आंदोलन में सैंकड़ों किसान शहीद हो चुके हैं। किसानों का यह बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों के सब्र का इम्तिहान न लें। ऐसा न हो कि किसानों के सब्र का पैमान छलक जाए तथा विद्रोह की स्थिति उत्पन्न हो जाए। उन्होंने कहा कि रालोद केंद्र सरकार के कार्पोरेट घरानों की चापलूसी का विरोध करती रहेगी क्योंकि भारत सदैव कृषि प्रधान देश था और रहेगा। इसलिए रालोद किसानों के साथ तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करेगी। प्रदेश सचिव अय्यूब हसन, प्रदेश उपाध्यक्ष हाजी सलीम कुरैशी, सतपाल कालड़ा, हरपाल वाल्मीकि, भूरा मलिक, राव इरफान, राव फरमान, गजेंद्र चौधरी, शौकीन राणा, सागर चौधरी, पंकज चौधरी, नीरज पूनिया, फखरूल इस्लाम देवेंद्र लाठर, चौ. स्वराज सिंह, राव जान मोहम्मद, राव आमिर, आरिफ मुखिया, पार्षद आसिफ, राव अखलाक, मुकुल रोड, अरविंद बाधी, डा. सुरेंद्र, राव मोहसिन, राव रागिब, राजकुमार टील्लू, राव अल्तमश, राव जैद, हाजी साबिर, रऊफ राणा, कामिल, राव अबरार, गुफरान, अंशुल ठाकुर आदि मौजूद रहे।