किसानों की समस्याओं को लेकर जिला मुख्यालय पर गरजे रालोद कार्यकर्ता

किसानों की समस्याओं को लेकर जिला मुख्यालय पर गरजे रालोद कार्यकर्ता
  • सहारनपुर में मुख्यमंत्री को पत्र भेजते रालोद पदाधिकारी।

सहारनपुर। राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार द्वारा गन्ने का लाभकारी मूल्य घोषित न किए जाने के विरोध में जिला मुख्यालय पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया तथा मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपकर अविलम्ब गन्ने का लाभकारी मूल्य घोषित किए जाने की मांग की।

पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत रालोद कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष राव कैसर व प्रदेश महासचिव चौ. धीरसिंह के नेतृत्व में एकत्र होकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे तथा गन्ने का लाभकारी मूल्य घोषित न किए जाने के विरोध में जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान गन्ना पेराई सत्र में चीनी मिलों को चलते हुए तीन माह बीतने के बावजूद अभी तक गन्ने का लाभकारी मूल्य घोषित नहीं किया गया है।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि किसान इकलौता एक ऐसा उत्पादक है जिसे अपने उत्पाद का मूल्य घोषित करने का भी अधिकार नहीं है। अपने खून-पसीने पैदा की गई फसल को मिल मालिक को दे आता है परंतु उसे यह नहीं पता है कि उसे उसकी फसल का क्या दाम मिलेगा। प्रदर्शनकारियों ने वर्तमान गन्ना पेराई सत्र में गन्ने के लाभकारी मूल्य की घोषणा करने, आवारा पशुओं से किसानों की फसल बचाने के लिए उचित समाधान कराने तथा बकाया गन्ना मूल्य का ब्याज सहित अविलम्ब भुगतान कराने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि 5 फरवरी तक किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो रालोद कार्यकर्ता 7 फरवरी को सड़कों पर उतरकर राज्य सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। प्रदर्शनकारियों में सतपाल कालड़ा, फखरूल इस्लाम, रविंद्र प्रधान, पवन कुमार, कृष्णपाल, अनुज वर्मा एडवोकेट, फरमान राव, मोहितकांत शर्मा समेत भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।