विभिन्न मांगों को लेकर मंडलायुक्त कार्यालय पर गरजे रालोद कार्यकर्ता, सौंपा ज्ञापन
- सहारनपुर में मंडलायुक्त कार्यालय पर नारेबाजी करते रालोद कार्यकर्ता।
सहारनपुर। राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने किसानों, मजदूरों, नौजवानों एवं जनता की समस्याओं को लेकर खेल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. नीरपाल सिंह के नेतृत्व में मंडलायुक्त कार्यालय पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया तथा मुख्यमंत्री को सम्बोधित 10 सूत्रीय मांगपत्र नगर मैजिस्ट्रेट को सौंपकर आगामी 30 सितम्बर तक मांगों का समाधान न होने पर जोरदार आंदोलन चलाने की चेतावनी दी।
पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत रालोद कार्यकर्ता खेल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. नीरपाल सिंह के नेतृत्व में एकत्र होकर दिल्ली रोड स्थित मंडलायुक्त कार्यालय पर पहुंचे तथा किसानों की समस्याओं को लेकर जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए चौ. नीरपाल सिंह ने कहा कि मंडल की तीनों चीनी मिलों पर किसानों का गन्ने का करोड़ों रूपया बकाया है जो तुरंत मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ में किसानों की हजारों बीघा फसल बर्बाद हो गई है। प्रशासन ने अभी तक कोई मुआवजा नहीं दिया है और न ही घोषणा के बावजूद किसानों की ट्यूबवैलों के बिल माफ नहीं किए हैं। उन्होंने कहा कि महानगर में जलभराव व बाढ़ से गरीब लोगों के घरों की छत व दीवारों में दरारें पड़ गई हैं। किसी को अभी तक मुआवजा नहीं दिया गया है। लाखों युवा बेरोजगार घूम रहे हैं और नौकरी नहीं है। सरकार को युवाओं के बारे में ठोस कदम उठाने चाहिए।
चौ. अर्जुन सिंह, अरविंद मलिक व कमल सोनकर ने कहा कि पूरे जनपद में नकली दूध, मावा, पनीर व घी, मिठाइयां धड़ल्ले से बिक रही हैं। अधिकारियों की मिलीभगत से जनता को जहर बेचा जा रहा है जिस पर तुरंत लगाम कसनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों में चौ. हरेंद्र सिंह, स. परमजीत सिंह, चौ. युद्धवीर सिंह, चौ. जगपाल सिंह, प्रदीप छोटा, मौ. शाहिद, तसलीम अहमद, राजेश गुर्जर, दीपक जाटव आदि मौजूद रहे।
