रालोद कार्यकर्ताओं ने किया मुख्यमंत्री के आगमन का विरोध

रालोद कार्यकर्ताओं ने किया मुख्यमंत्री के आगमन का विरोध

सहारनपुर। राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष राव कैसर सलीम व प्रदेश महासचिव चौ. धीरसिंह के नेतृत्व में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन का विरोध किया। बाद में उन्होंने मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन नगर मैजिस्ट्रेट को सौंपकर किसानों का बकाया गन्ना मूल्य भुगतान अविलम्ब कराए जाने की मांग की।

रालोद कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष राव कैसर सलीम व प्रदेश महासचिव चौ. धीरसिंह के नेतृत्व में हाथों में मुख्यमंत्री वापस जाओ, गन्ना भुगतान करके आओ नारे लिखी तख्तियां लेकर सर्किट हाऊस पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। इसके बावजूद रालोद कार्यकर्ता मुख्यमंत्री से मिलने की जिद पर अड़े रहे। उनका कहना था कि सहारनपुर मंडल का 2400 करोड़ व सहारनपुर जनपद का 654 करोड़ रूपया चीनी मिलों पर बकाया है।

भाजपा सरकार का जनता से वायदा था कि किसानों का गन्ना मूल्य भुगतान 14 दिन के अंदर कर दिया जाएगा अन्यथा मिलों से किसानों को ब्याज सहित भुगतान कराया जाएगा। उनका कहना था कि वर्तमान गन्ना सत्र को समाप्त हुए कई माह बीत चुके हैं परंतु अब तक गन्ना मूल्य भुगतान नहीं हुआ है। बाद में रालोद कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री व गन्ना मंत्री के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन नगर मैजिस्ट्रेट को सौंपा।

प्रदर्शनकारियों में सागर चौधरी, राव इरफान, राव अल्तमस, राव आरिफ, उदित चौधरी, पार्षद आसिफ, मयंक चौधरी, हाफिज समीर, संजय काम्बोज, प्रवेश कश्यप, शाहरूख अंसारी, विकास सैनी, स. लाड्डी सिंह, विशाल चौधरी, सचिन चौधरी आदि शामिल रहे।