रालोद कार्यकर्ताओं ने किया पौधारोपण

- सहारनपुर में पौधारोपण करते रालोद कार्यकर्ता।
सहारनपुर [24CN]। राष्ट्रीय लोकदल के वरिष्ठ नेता चौ. नीरपाल सिंह ने पर्यावरण संरक्षण के अंतर्गत आवास विकास कालोनी में फूलदार व छायादार वृक्ष लगाकर पौधारोपण किया। पौधारोपण कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए रालोद के वरिष्ठ नेता चौ. नीरपाल सिंह ने कहा कि वृक्ष ही जीवन है।
इस उद्देश्य को लेकर रालोद शहर की कालोनियों व मुख्य मार्गों पर पौधारोपण करेगा। पर्यावरण को बढ़ावा देने के लिए हम हर प्रकार के वृक्ष लगाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि बढ़ते प्रदूषण को रोकना है तो वृक्ष लगाने पड़ेंगे क्योंकि वृक्षों का अधिक कटान होने से प्रदूषण का ग्राफ बहुत बढ़ गया है। जिस कारण नागरिक आज भीषण गर्मी की मार झेलने को मजबूर हो रहे हैं।
चौ. नीरपाल सिंह ने कहा कि आज सरकारी संस्थाओं का वृक्षारोपण अभियान केवल कागजों तक सीमित होकर रह गया है। करोड़ों पौधे लगाने की बात की जाती है, जबकि हजारों की संख्या में ही पौधे लगाए जाते हैं। जो वृक्ष मुख्य मार्गों व डिवाइडर पर लगाए गए हैं, वह बिना पानी के सूख रहे हैं। यदि मंडलायुक्त व जिलाधिकारी इसकी जांच कराएं तो एक बड़ा घोटाला सामने आएगा। उन्होंने सभी राजनीतिक व गैर राजनीतिक संस्थाओं से अधिक से अधिक संख्या में पौधारोपण करने का आह्वान किया। इस दौरान मोहन सिंह, सुरेश कुमार, गोल्डी सैनी, अनुज कुमार, नीटू कुमार, रामसिंह, देवेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।