मजबूती के साथ निकाय चुनाव लड़ेगा रालोद: नीरपाल

मजबूती के साथ निकाय चुनाव लड़ेगा रालोद: नीरपाल
  • सहारनपुर में रालोद की बैठक को सम्बोधित करते चौ. नीरपाल सिंह।

सहारनपुर [24CN]। राष्ट्रीय लोकदल महानगर इकाई की बैठक में विद्युत दरों में बेतहाशा वृद्धि किए जाने पर रोष व्यक्त किया गया तथा आगामी निकाय चुनाव को मजबूती से लडऩे की आवश्यकता पर बल दिया गया। हकीकत नगर स्थित रालोद के शिविर कार्यालय पर आयोजित बैठक में किसानों के मसीहा चौ. महेंद्र सिंह टिकैत की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

बैठक को सम्बोधित करते हुए रालोद के वरिष्ठ नेता चौ. नीरपाल सिंह ने कहा कि सभी कार्यकर्ता अपने-अपने वार्डों में निकाय चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं क्योंकि रालोद बड़ी मजबूती के साथ निकाय चुनाव लड़ेगा और ईमानदार व कर्मठ कार्यकर्ताओं को ही टिकट दिया जाएगा। चौ. नीरपाल सिंह ने कहा कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों को समय से बिजली-पानी मुख्य चुनावी एजेंडा रहेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता हर आदमी की मदद करे तथा उनकी समस्याओं का समाधान सम्बंधित अधिकारियों से मिलकर तत्काल कराए। उन्होंने कहा कि जो अधिकारी जायज मांग नहीं मानेगा तो उसके खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा तथा उसकी रिपोर्ट सीधे मुख्यमंत्री को की जाएगी।

युवा महानगर अध्यक्ष रिंकू सोनकर व अरविंद मलिक ने कहा कि विद्युत विभाग द्वारा आम जनता का बेहद शोषण किया जा रहा है। छापेमारी के नाम पर अवैध उगाही की जा रही है। विद्युत बिल गलत तरीके से भेजे जा रहे हैं। अनेक उपभोक्ताओं के घर एक पंखा व चार बल्ब होने के बावजूद हजारों रूपए प्रति माह बिल जा रहा है और फिर उनका कनैक्शन काट दिया जाता है।

उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग के अधिकारी व कर्मचारी अपना रवैया सुधार लें अन्यथा रालोद कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर आंदोलन का बिगुल बजाने का करेंगे। बैठक में नरेंद्र सिंह, भगतसिंह, अमित पंडित, पप्पू चौधरी, राजन वाल्मीकि, तरूण मलिक, दीपक चौधरी, सुरेंद्र सिंह, जितेंद्र, विजय आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।