रालोद ने लगाया सत्तापक्ष पर वोट कटवाए जाने का आरोप

रालोद ने लगाया सत्तापक्ष पर वोट कटवाए जाने का आरोप
  • सहारनपुर में जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपते रालोद पदाधिकारी।

सहारनपुर [24CN]। राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने राज्य कर्मचारियों पर सत्तापक्ष के दबाव में फर्जी वोट बनाने का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त को सम्बोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराकर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की।

रालोद कार्यकर्ता कार्यकारी जिलाध्यक्ष राव कैसर सलीम व प्रदेश महासचिव चौ. धीरसिंह के नेतृत्व में एकत्र होकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे जहां उन्होंने जिला प्रशासन को सौंपे ज्ञापन में आशंका जताई कि स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर सत्तापक्ष लगातार राज्य कर्मचारियों पर फर्जी वोट बनाने का दबाव बना रहा है। निकाय चुनाव में जाली आधार कार्ड व जाली इकरारनामा बनवाकर फर्जी वोट बनवाए जा रहे हैं तथा समुदाय विशेष व जाति विशेष के वोट अलग-अलग मौहल्लों में जोडऩे का खेल चल रहा है जिससे जाति विशेष व समुदाय विशेष के लोगों का शोषण किया जा सके तथा उन्हें वोट डालने से वंचित किया जा सके।

उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त से इस गम्भीर समस्या का तत्काल संज्ञान लेकर प्रभावी कार्यवाही किए जाने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में रमेश चौहान, रजनीश चौहान, महावीर सैनी, राव अल्तमश, पार्षद आसिफ, हरपाल वाल्मीकि, फखरूल इस्लाम, सतपाल कालड़ा, राव शहजाद, चांद कुरैशी आदि शामिल रहे।