पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ लगातार बयानबाजी कर रहे राजद के विधायक सुधाकर सिंह पर अब पार्टी के आलाकमान एक्शन मोड में है। कई बार चेतावनी के बावजूद महागठबंधन के नेतृत्वकर्ता नीतीश कुमार को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर राजद के शीर्ष नेतृत्व ने विधायक और पूर्व कृषि मंत्री सुधाकर सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। राजद के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी (Abdul Bari Siddiqui) ने सुधाकर सिंह को नोटिस जारी करते हुए लिखा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव (Lalu Yadav) के संज्ञान में आया है कि एक बार फिर से आपने गठबंधन धर्म की मर्यादा का उल्लघंन किया है।

अब्दुल बारी सिद्दीकी ने कहा कि राजद के राष्ट्रीय अधिवेश में सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया था कि गठबंधन के मसलों और शामिल दलों के शीर्ष नेतृत्व के संदर्भ में सिर्फ राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव या उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ही बात करने के लिए अधिकृत हैं। इसके बावजूद आपने (सुधाकर सिंह) इस प्रस्ताव का उल्लघंन किया है। आप कृपया 15 दिनों के अंदर यह स्पष्टीकरण दें कि क्यों नहीं आपके विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।

jagran

पार्टी की तरफ से जारी नोटिस में आगे लिखा गया है कि आपके बयान लगातार उन ताकतों को बल देते हैं जो संविधान को रौंदकर न्याय, सौहार्द और समानता की पैरोकारी को समाप्त करना चाहते हैं। आपके आपत्तिजनक बयान देश-प्रदेश और राजद के एक बड़े वर्ग को आहत कर रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में राजद के विधायक सुधाकर सिंह लगातार नीतीश कुमार के खिलाफ बयानबाजी को लेकर चर्चा में है। वे कभी नीतीश कुमार की नीतियों पर सवाल खड़े करते हैं, तो मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करते हैं। सुधाकर सिंह की बयानबाजी को लेकर तेजस्वी यादव ने पहले भी चेतावनी देते हुए कहा था कि महागठबंधन के नेतृत्व को लेकर किसी तरह का सवाल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी ऐसा कर रहा है वह सीधे तौर पर भाजपा का समर्थन कर रहा है और उसपर कार्रवाई की जाएगी।