सपा में बगावत! दोनों गुटों ने अखिलेश यादव को लिखा पत्र, कहा- पार्टी बचाने के लिए…
महाराष्ट्र में समाजवादी पार्टी (सपा) के भीतर सियासी टकराव खुलकर सामने आ गया है। भिवंडी पूर्व से सपा विधायक रईस कासम शेख ने प्रदेश नेतृत्व के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जिसके बाद अब समाजवादी पार्टी की मुंबई ईकाई ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को एक विस्तृत पत्र लिखकर शेख के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए है। इस पत्र में रईस शेख पर पार्टी विरोधी गतिविधियों और मुंबई महानगरपालिका चुनाव (BMC Election) में विपक्षी दलों के साथ साठगांठ करने के सनसनीखेज आरोप लगाए गए हैं।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब रईस शेख ने अखिलेश यादव को पत्र लिखकर महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष अबू आसिम आजमी के नेतृत्व पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में पार्टी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की तरह चलाई जा रही है और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को दरकिनार किया जा रहा है। उन्होंने अखिलेश यादव से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि अगर जल्द कदम नहीं उठाए गए तो राज्य में पार्टी का अस्तित्व खतरे में पड़ जाएगा।
मुंबई सपा ने लगाया गद्दारी का आरोप
रईस शेख के आरोपों के जवाब में मुंबई सपा द्वारा अखिलेश यादव को पत्र लिखा गया और शेख पर गंभीर आरोप लगाए गए। पत्र में कहा गया है कि 2019 में जब रईस शेख पहली बार सपा के विधायक बने। इसके बाद उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र के संगठन की जिम्मेदारी की मांग प्रदेश अध्यक्ष से की, लेकिन इसे अमान्य कर दिया गया। लेकिन वरिष्ठ नेताओं के कहने पर उनके विधानसभा क्षेत्र भिवंडी पूर्व के संगठन की पूरी जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई। उन्होंने पुराने और वफादार कार्यकर्ताओं को किनारे कर दिया।
