प्राथमिकता के आधार पर करें शिकायतों का समाधान: डीएम

प्राथमिकता के आधार पर करें शिकायतों का समाधान: डीएम
  • सहारनपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस में समस्याएं सुनते डीएम व एसएसपी।

सहारनपुर। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का तत्परता से निदान करना सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों व समस्याओं का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

जिलाधिकारी डा. दिनेश चंद्र आज यहां सदर तहसील सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनशिकायतें सुनने के बाद अधिकारियों को निर्देश दे रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायत निस्तारण के प्रति संवेदनशीलता दिखाएं और मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए समस्याओं का समयबद्धता से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में विद्युत विभाग के अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर कडी नाराजगी व्यक्त करते हुए उनकी अनुपस्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होने कि वरासत के मामलों में ढिलाई न बरती जाए एवं नियमानुसार अंश निर्धारण किया जाए। उन्होंने श्रम विभाग और खाद्य एवं रसद विभाग को निर्देश दिए कि विभागीय योजनाओं का लाभ पात्रों को दिलाने में लापरवाही न बरती जाए। यदि भविष्य में किसी पात्र एवं गरीब को बिना कारण परेशान किया जाएगा तो संबंधित अधिकारी के विरूद्ध कडी कार्यवाही की जाएगी।

उन्होंने दिव्यांगजन अधिकारी एवं समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए कि नियमानुसार पात्रों को समय से पेंशन एवं अन्य विभागीय योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। वृद्ध एवं दिव्यांगों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। इनकी शिकायतों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाए। जिलाधिकारी ने आए हुए लोगों की शिकायतों को सुनकर सम्बन्धित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए। राशन कार्ड संबंधी शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें।

उन्होंने निर्देश दिए कि प्राप्त सभी शिकायतों के लिए संयुक्त टीम बनाकर मौके पर भेजकर सत्यापन करा निस्तारण किया जाए। उन्होंने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप जो समय सीमा समस्याओं के निस्तारण की दी गई है, उसी के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि निस्तारण के साथ-साथ लाभार्थी को संतुष्टी भी मिलनी चाहिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताडा ने सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि तहसील दिवस में आई पुलिस संबंधी समस्याओं के साथ ही थाना समाधान दिवस में आई शिकायतों का गुणवत्तापरक समय से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होने कहा कि जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना सुनिश्चित करें।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व विभाग की 19, विद्युत विभाग की 07, पुलिस विभाग की 02, नगर निगम की 02, विकास विभाग की 05 एवं अन्य 07 कुल 42 शिकायतें प्राप्त। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजीव मांगलिक, सिटी मजिस्ट्रेट गजेन्द्र कुमार, पीडीडीआरडीए प्रणय कृष्ण, तहसीलदार अमित कुमार सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।