जनपद में उमंग व हर्षोल्लास के साथ मनमाया गया गणतंत्र दिवस

जनपद में उमंग व हर्षोल्लास के साथ मनमाया गया गणतंत्र दिवस
  • सहारनपुर में गणतंत्र दिवस पर कलक्ट्रेट में ध्वजारोहण करते जिलाधिकारी, पुलिस लाईन में आयोजित गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में मौजूद अतिथिगण व नगर निगम कार्यालय में ध्वजारोहण करती नगरायुक्त।

सहारनपुर। जनपद में गणतंत्र दिवस बड़ी उमंग व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गणतंत्र दिवस के उपलक्ष में विभिन्न सरकारी व अद्र्ध सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण कर देश की एकता व अखंडता को अक्षुण्ण रखने का संकल्प लिया। गणतंत्र दिवस पर मंडलायुक्त डा. लोकेश एम ने मंडलायुक्त कार्यालय पर ध्वजारोहण किया। उन्होंने भारतीय गणतंत्र के संकल्प की शपथ दिलाई।

उन्होंने कहा कि हमें किसी विशेष दिवस अथवा परिस्थिति में ही देशभक्ति नहीं दिखानी चाहिए बल्कि प्रतिदिन देशभक्ति से ओतप्रोत होकर राष्ट्रहित में कार्य करने चाहिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सम्पत्ति की सुरक्षा और स्वच्छता, गरीब बच्चों का विद्यालयों में प्रवेश, निराश्रितों एवं असहायों की सहायता भी देशभक्ति है। आज हम सबको संकल्प लेना चाहिए कि हम इन कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। इस दौरान अपर आयुक्त प्रशासन डी. पी. सिंह सहित मंडलायुक्त कार्यालय में तैनात अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने गणतंत्र दिवस पर कलक्ट्रेट में ध्वजारोहण कर सभी को भारतीय संविधान के संकल्प की शपथ दिलाई गई। उन्होंने कहा कि आज के दिन हमारा संविधान लागू हुआ था। यह अवसर पर पिछले वर्ष में किए गए कार्यों के लेखा-जोखा के मूल्यांकन और आने वाले समय में किए जाने वाले कार्यों की रणनीति बनाने का है। इस दौरान उन्होंने विगत वर्ष किए गए कार्यों की जानकारी देते कलक्ट्रेट में तैनात अधिकारियों का आह्वान किया कि कलक्ट्रेट में आने वाले सभी का स्वागत करें तथा जनप्रतिनिधियों सहित आम जनता के साथ संवाद करते हुए कानून के अनुसार कार्य करें।

उन्होंने कहा कि हमारी दृष्टि हमेशा समाज के सबसे कमजोर लोगों की ओर होनी चाहिए तथा ऐसा काम करना चाहिए जिससे शासन-प्रशासन पर उनकी विश्वसनीयता बढ़े। इस दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन डा. अर्चना द्विवेदी, ज्वाइंट मैजिस्ट्रेट कृतिराज, डिप्टी कलेक्टर अजय कुमार अम्बस्ट, डिप्टी कलेक्टर अंकुर वर्मा, मंडलीय सूचना अधिकारी दिलीप कुमार गुप्ता, प्रधान सहायक सरवर सिद्दीकी सहित कलक्ट्रेट के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस लाईन में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में उत्तर प्रदेश के लोक निर्माण राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने ध्वजारोहण कर परेड का मान प्रणाम ग्रहण किया।

पुलिस लाईन के खेल मैदान पर आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने ध्वजारोहण कर मान प्रणाम ग्रहण किया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान मंडलायुक्त डा. लोकेश एम, डीआईजी सुधीर कुमार सिंह, जिला न्यायाधीश श्रीमती बबीता रानी, एसएसपी डा. विपिन ताड़ा, एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक, एसपी देहात सूरज कुमार राय सहित पुलिस लाईन में तैनात अधिकारी, कर्मचारी व गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। इसके अलावा नगर निगम कार्यालय में नगरायुक्त गजल भारद्वाज ने ध्वजारोहण किया और निगम के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का संकल्प दिलाया गया। जय मंगला जूनियर हाई स्कूल के बच्चों ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया।

नगरायुक्त गजल भारद्वाज के आह्वान पर निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों ने स्वच्छता, कार्य संस्कृति तथा शहर के विकास की दृष्टि से सहारनपुर नगर निगम को दूसरे निगमों से बेहतर और अनुकरणीय बनाने का संकल्प लिया। नगरायुक्त ने संविधान की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए संविधान में पूर्ण आस्था रखते हुए देश के विकास में सहयोग करने पर जोर दिया।

इसके अलावा जिला पंचायत कार्यालय में जिला पंचायत चेयरमैन मांगेराम चौधरी, भाजपा कार्यालय पर जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी, कांग्रेस कार्यालय पर जिलाध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली, महानगर कांग्रेस कार्यालय पर वरूण शर्मा, जिला चिकित्सालय में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. संजीव मांगलिक, डीआईओएस कार्यालय पर जिला विद्यालय निरीक्षक रविदत्त, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में बीएसएस अमरीश कुमार ने ध्वजारोहण किया। इसके अलावा जनपद की विभिन्न शिक्षण संस्थाओं में भी गणतंत्र दिवस समारोह बड़ी उमंग व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान के बारे में जानकारी दी गई।