महानगर के धार्मिक स्थलों व पैरामाउंट कॉलोनी को किया गया सैनेटाइज

- सहारनपुर में महानगर के धार्मिक स्थल को सैनेटाइज करते निगम कर्मचारी।
सहारनपुर [24CN] । कोरोना की रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए नगर निगम ने शनिवार को भी सैनेटाइजेशन, फागिंग, चूना व मेलाथियान छिडक़ाव अभियान जारी रखा। चर्च, गुरुद्धारे, मस्जिद व मंदिरों आदि अनेक धर्मस्थलों को भी सैनेटाइज किया गया। दिल्ली रोड स्थित पैरामाउंट कॉलोनी में दो दर्जन से अधिक संख्या में कोरोना संक्रमित हो जाने के कारण नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह के नेतृत्व में पूरी कॉलोनी का सैनेटाइजेशन किया गया। शनिवार को लाकडाउन के दौरान नगर निगम ने रोस्टर के अनुसार महानगर के वार्डो को सैनेटाइज करने के अलावा दिल्ली रोड स्थित पैरामाउंट कॉलोनी को पूरी तरह सैनेटाइज कराया गया।
नगर स्वास्थय अधिकारी डॉ. कुनाल जैन ने बताया कि पैरामाउंट में दो दर्जन से ज्यादा कोरोना संक्रमित होने के कारण पैरामाउंट कॉलोनी में बड़े स्तर पर सैनेटाइजेशन अभियान चलाया गया। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने स्वयं अपनी देख रेख में यह अभियान चलवाया। इसके अलावा चूना, मेलाथियान व फागिंग का अभियान भी शनिवार को पूरे महानगर में चलाया गया।
नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि वार्डो को रोस्टर के हिसाब से तो सैनेटाइज किया ही जा रहा है। शनिवार को धर्मस्थलों को भी सैनेटाइज कराया गया है। खत्ताखेड़ी की मस्जिद, जैन बाग स्थित जैन मंदिर, स्टेशन स्थित शनि मंदिर, घंटाघर स्थित हनुमान मंदिर, गफरुद्धारा रोड स्थित गुरुद्धारा, मदरसा मजाहिर उलूम व जिकरिया मंजिल सहित महानगर की अनेक मस्जिदों, मंदिरों, गिरजाघरों व गुरुद्वारों को सैनेटाइज कराया गया। इसके अलावा महानगर की सभी सरकारी इमारतों व कार्यालयों तथा कंटेनमेंट जोन को सैनेटाइज किया गया है।
नगरायुक्त ने बताया कि सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। तडक़े पंाच बजे से ही निगम के सफाई कर्मचारी अपनी जान हथेली पर लेकर कंटेनमेंट जोन सहित पूरे महानगर में सफाई व चूना और मेलाथियान के छिडक़ाव का कार्य शुरु कर देते है। उन्होंने शहर के लोगों से जगह जगह कूड़ा न डालकर निगम की गाडिय़ों व कर्मचारियों को ही कूड़ा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सफाई भी कोरोना की रोकथाम में काफी मददगार है।