पीडि़तों की सहायता के लिए आगे आएं धार्मिक व सामाजिक संस्थाएं

सहारनपुर [24CN] । सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के महानगर अध्यक्ष विवेक मनोचा ने कहा कि सभी धार्मिक, राजनीतिक व सामाजिक संगठनों को इस परिस्थिति में आगे आकर किसी न किसी रूप में समाज की सेवा करनी चाहिए। महानगर अध्यक्ष विवेक मनोचा आज यहां सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल की विशेष जूम बैठक में व्यापारियों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के सहयोग से इस कोरोनाकाल में संगठन द्वारा अत्याधुनिक एम्बुलेंस व आक्सीजन बैंक के रूप में समाज की सेवा की जा रही है।

उन्होंने कहा कि परिस्थितियां बहुत ही भयानक हैं। स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा चुकी हैं। उन्होंने नगर की सभी सामाजिक, धार्मिक व राजनीतिक संस्थाओं से अपील की कि वे इन परिस्थितियों में आगे आएं तथा समाज की किसी न किसी रूप में सेवा करें क्योंकि यह समय न जाति, न धर्म और न राजनीतिक विचारधारा का है। शहर के प्रत्येक नागरिक को आगे आना चाहिए। वह किसी भी रूप में तन से, मन से या धन से समाज की सेवा करे। महानगर महामंत्री स. सुरेंद्र मोहन सिंह चावला ने कहा कि यह समय बहुत कठिन है। प्रत्येक व्यक्ति स्वयं को असहाय महसूस कर रहा है। जनता ने विधायकों को चुनकर विधानसभा में भेजा है।

इसलिए विधायक अपने राजनीतिक मतभेद भुलाकर सामूहिक रूप से आगे आएं और सहारनपुर की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रशासनिक अधिकारियों और सरकार पर दबाव बनाएं। उन्होंने प्रशासन से भी अपील की कि नगर में जितने भी हॉस्पिटल हैं। चाहे वे यूनानी हों या आयुर्वेदिक हों, उनमें संविदा पर कर्मचारियों को तैनात कर उन्हें कोविड अस्पताल बना दिया जाए। बैठक में यशपाल मैनी, कृष्णलाल ठक्कर, रामराजीव सिंघल, महेश नारंग, आर. के. मल्होत्रा, राजेंद्र गुप्ता, एस. के. दुआ, सूरज प्रकाश ठक्कर, अशोक छाबड़ा, मदन लाम्बा, राजपाल सिंह, नीरज जैन, निखिल गुप्ता, गुलशन अनेजा, दीपक खेड़ा, ऋषिराज ढींगरा, फुरकान अहमद, सुधीर मिगलानी, संजय गुप्ता, अनुभव शर्मा, सुरेंद्र सिंह पुंडीर आदि व्यापारी प्रतिनिधि शामिल रहे।