रेखा गुप्ता ने संभाला दिल्ली CM का पद, कैबिनेट की पहली बैठक में कर सकती हैं ये बड़ा फैसला

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को दिल्ली सचिवालय में औपचारिक रूप से दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। इससे पहले रेखा गुप्ता ने रामलीला मैदान में सीएम पद की शपथ ली है। रेखा गुप्ता ने जानकारी दी है कि गुरुवार को शाम 7 बजे दिल्ली की नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक आयोजित की जाएगी। माना जा रहा है कि इस बैठक में कई बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। आइए जानते हैं इस बारे में खास बातें।
सीएम पद संभालने के बाद पहला बयान
दिल्ली के मुख्यमंत्री का कार्यभार संभालने के बाद दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने पहला बयान जारी किया है। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा- “विकसित दिल्ली का जो मिशन है उसे पूरा करने के लिए लगातार काम किया जाएगा। इसमें एक दिन भी व्यर्थ नहीं होगा। दिल्ली से किया गया एक-एक कमिटमेंट पूरा किया जाएगा।” रेखा गुप्ता ने बताया है- “गुरुवार को शाम 7 बजे कैबिनेट बैठक होगी। इससे पहले शाम 5 बजे हम आरती के लिए यमुना घाट जाएंगे।”
पहली कैबिनेट में क्या फैसला होगा?
सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की पहली कैबिनेट में CAG की रिपोर्ट को पास किया जाएगा, जिससे इसे सदन के पटल पर रखा जा सके। आम आदमी पार्टी सरकार के दौरान की 14 CAG की रिपोर्ट को अभी तक सदन में पेश नहीं किया गया है। इसके अलावा आम आदमी पार्टी की 10 साल की सरकार के दौरान दिल्ली सरकार की आर्थिक स्थिति ( फाइनांशियल स्टेट्स) पर भी चर्चा होगी।