शिविर में किए प्रतिष्ठानों के पंजीकरण व नवीनीकरण
- सहारनपुर में श्रम विभाग के शिविर में पंजीयन प्रमाण पत्र देते उप श्रमायुक्त।
सहारनपुर [24CN] । सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल व श्रम विभाग के तत्वावधान में आयोजित प्रतिष्ठान पंजीकरण तथा बाल व किशोर शिविर में श्रम विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी तथा अनेक व्यापारियों के प्रतिष्ठानों का पंजीकरण किया गया। स्थानीय रेलवे रोड स्थित सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के कार्यालय पर आयोजित पंजीकरण शिविर का शुभारम्भ उपश्रमायुक्त शक्तिसेन मौर्य, सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के महानगर अध्यक्ष विवेक मनोचा व महामंत्री स. सुरेंद्र मोहन सिंह चावला ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित करके किया। शिविर को सम्बोधित करते हुए उप श्रमायुक्त शक्तिसेन मौर्य ने कहा कि सरकार द्वारा व्यापारियों के लिए नई-नई योजनाएं लागू करने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने उत्तर प्रदेश दुकान एवं वाणिज्य प्रतिष्ठान अधिकार, बाल एवं किशोर प्रतिलेख अधिनियम की जानकारी देते हुए व्यापारियों से अपील की कि बाल श्रम न करवाएं और न ही करने दें। उन्होंने श्रम कल्याण परिषद उत्तर प्रदेश द्वारा श्रमिकों के हितों के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए उनका लाभ उठाने का आह्वान किया। व्यापार प्रतिनिधिमंडल के महानगर अध्यक्ष विवेक मनोचा व महामंत्री स. सुरेंद्र मोहन सिंह चावला ने कहा कि व्यापार मंडल का प्रयास रहता है कि सहारनपुर के व्यापारियों की सुविधा के लिए विभिन्न विभागों के शिविर आयोजित किए जाएं ताकि व्यापारियों को उन योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके। पंजीयन एवं नवीनीकरण शिविर में श्रम प्रवर्तन अधिकारी एन. के. चौधरी, कृष्ण अवतार व सुश्री प्रीति सोम द्वारा पंजीकरण व नवीनीकरण किए गए। इस दौरान व्यापार मंडल के कोषाध्यक्ष एस. के. दुआ, श्रम विभाग प्रभारी राजीव मदान, गुलशन अनेजा, राजेंद्र गुप्ता, अशोक छाबड़ा, सूरज प्रकाश ठक्कर, डी. के. गुप्ता, फैजानउल हक, मदन लाम्बा, दीपक मल्होत्रा, संजय गुप्ता आदि मौजूद रहे।
