सड़क सुरक्षा को लेकर आईआईए व परिवहन विभाग का रिफ्लेक्टर स्टीकर अभियान शुरू
- सहारनपुर में वाहन पर रिफ्लेक्टर लगाते उद्यमी एवं परिवहन विभाग के अधिकारी।
सहारनपुर। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं उनमें कमी लाने के उद्देश्य से इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) सहारनपुर एवं परिवहन विभाग, सहारनपुर के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को वाहन रिफ्लेक्टर स्टीकर अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान देहरादून रोड स्थित राकेश केमिकल, पुलिस चैकी तिराहा पर प्रारंभ हुआ।
कार्यक्रम के दौरान आईआईए के पदाधिकारियों ने एआरटीओ संदीप जैसवाल (प्रवर्तन) एवं मानवेंद्र प्रताप सिंह (प्रशासन), परिवहन विभाग सहारनपुर का पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत व अभिनंदन किया। इस अवसर पर एआरटीओ संदीप जैसवाल एवं मानवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि कोहरे एवं कम दृश्यता के दौरान सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर स्टीकर लगाए जाने से रात और कोहरे में वाहनों की पहचान आसानी से हो पाती है, जिससे दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है। आईआईए चैप्टर चेयरमैन गौरव चोपड़ा ने बताया कि यह अभियान पूरी तरह जनहित को ध्यान में रखते हुए शुरू किया गया है और इसे आगामी कुछ दिनों तक निरंतर चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक वाहन इस सड़क सुरक्षा पहल से जुड़ सकें। इस मौके पर आईआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रमोद सडाना, केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य कृष्ण राजीव सिंघल, चैप्टर सचिव कुशल शर्मा, कोषाध्यक्ष सुरेन्द्र मोहन कालड़ा, विशेष आमंत्रित सदस्य राजेश सपरा, उपाध्यक्ष राजकुमार अरोड़ा, प्रेम क्वात्रा, कामधेनू एरिया हेड अतीश गुप्ता, संजय गर्ग, मनजीत सिंह अरोड़ा, प्रियेश गर्ग सहित अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे।
