अलग-अलग दुर्घटनाओ में चार युवक घायल, रैफर

- फ्लाईओवर से उतरते ही बाइक डिवाइडर से टकराई
- जीतगिरी मंदिर के समीप कार व पिकअप की भिड़ंत
देवबंद [24CN]: सहारनपुर मुजफ्फरनगर हाईवे पर हुए दो सड़क हादसों में बाइक और कार चालक सहित चार लोग घायल हो गए। जिन्हें पुलिस ने उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जंहा से चिकित्सकों द्वारा घायलों को गम्भीर हालत के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार सहारनपुर के रानी बाजार निवासी सुनील कुमार शुक्रवार को साथी मंगता को साथ लेकर बाइक पर गंगदासपुर स्थित ससुराल में आया था। देर रात्रि वह वापस लौट रहे थे। फ्लाईओवर से नीचे उतरते ही उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। जिसमें दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए। राहगीरों से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वहीं, शुक्रवार की रात्रि ही हाईवे स्थित जीतगिरी मंदिर के समीप कार और पिकअप वाहन की टक्कर हो गई। जिसमें लबकरी गांव निवासी कार चालक फरमान व उसका साथी पाहद पुत्र कामिल घायल हो गया। जिन्हे उपचार के लिए नगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस का कहना है कि तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।