नई दिल्ली । उत्तर भारत के पहाड़ों में हिमपात और दिल्ली एनसीआर में शुक्रवार आधी रात से शुरू हुई बारिश शनिवार रात भर बारिश जारी रही। रविवार सुबह मौसम विभाग की ओर से जारी अपडेट में कहा गया है कि आज भी दिल्ली व इसके आसपास के इलाकों में हल्की बारिश की संभावाना आज भी है।

इस मौसम ने लोगों को एक बार फिर ठंड में कांपने पर मजबूर कर दिया। बारिश के साथ-साथ तेज हवा चलने से अधिकतम तापमान में सात डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार दिन भर ठिठुरन बनी रही। सिर्फ यही नहीं, 22 जनवरी तक दिल्ली में 68 मिमी बारिश भी दर्ज की गई है जो 1995 के बाद सबसे अधिक है, तक 69.8 मिमी बारिश हुई थी।

शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री कम 14.7 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश सुबह साढ़े आठ बजे तक 4.6 मिमी और साढ़े आठ से शाम साढ़े पांच बजे तक 0.6 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। रविवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश भी हो सकती है।

माता वैष्णो देवी के भवन पर फिर बिछी बर्फ की चादर

जम्मू-कश्मीर में सिर्फ एक दिन मौसम में हल्के सुधार के बाद शनिवार को फिर सभी ऊपरी इलाकों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश शुरू हो गई। वैष्णो देवी के भवन, आद्कुंवारी, सांझी छत में आधा फीट, भैरव घाटी में एक फीट व मां के त्रिकुटा पर्वत दो से ढाई फीट ताजा बर्फबारी रिकार्ड की गई। हेलीकाप्टर सेवा प्रभावित रहने के बावजूद यात्रा जारी रही और देशभर से मां के दर्शन को पहुंचे श्रद्धालुओं ने बर्फबारी का खूब आनंद उठाया। यात्रा बारिश के कारण शनिवार को रात नौ बजे रोक दी गई। सुबह छह बजे इसे फिर बहाल किया जाएगा। इसके अलावा जम्मू के पर्यटनस्थल पत्नीटाप और नत्थाटाप में बर्फ की चादर और मोटी हो गई।

31 जनवरी तक चलेगा चिल्लेकलां 

कश्मीर में सबसे ठंडा दौर कहलाने वाला 40 दिन का चिल्लेकलां अपनी पारी के 30 दिन पूरे कर अंतिम पड़ाव में प्रवेश कर चुका है। 31 जनवरी को चिल्लेकलां अपनी पारी समाप्त कर देगा। पहली फरवरी को कम तीव्रता वाली ठंड का दौर 20 दिवसीय चिल्लेखुर्द शुरू हो जाएगा।

मैदान से पहाड़ तक शीत दिवस की स्थिति 

उत्तराखंड में मौसम के करवट बदलने के बाद बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। शनिवार को समूचे प्रदेश में दिनभर बादल छाए रहे। चारधाम समेत मसूरी, नैनीताल और आसपास की चोटियों पर जमकर हिमपात हुआ। निचले इलाकों में दिनभर रिमझिम बारिश का सिलसिला जारी रहा। इससे प्रदेशभर में कड़ाके की ठंड महसूस की गई। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को भी पहाड़ी जिलों में हिमपात का दौर जारी रह सकता है। जबकि, मैदानों में कहीं-कहीं बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है।