साढ़े चार साल में रामपुर मनिहारान विधानसभा में कराया गया रिकार्ड विकास: निम

- सहारनपुर में पत्रकारों से वार्ता करते रामपुर मनिहारान के भाजपा विधायक देवेंद्र निम।
सहारनपुर [24CN]। रामपुर मनिहारान विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक देवेंद्र निम ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार ने रामपुर मनिहारान विधानसभा क्षेत्र में साढ़े चार साल में रिकार्ड विकास कार्य कराए हैं तथा जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराकर कानून-व्यवस्था का राज स्थापित किया गया है।
भाजपा विधायक देवेंद्र निम आज रामपुर मनिहारान विकास खंड स्थित ब्लाक प्रमुख कार्यालय में पत्रकारों के साथ वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि रामपुर मनिहारान में महिला शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए साढौली हरिया में राजकीय कन्या महाविद्यालय की स्थापना कराई गई। साथ ही रामपुर मनिहारान तहसीर परिसर के लिए भूमि का क्रय कर भवन निर्माण के लिए धनराशि अवमुक्त कराई गई। शीघ्र ही तहसील भवन का निर्माण कार्य कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि रामपुर मनिहारान विधानसभा क्षेत्र में आवागमन को सुलभ बनाने के लिए हिन्डन नदी पर चंदेना कोली व भगवानपुर को जोडऩे के लिए पुल का निर्माण कराया गया। रामपुर मनिहारान-अम्बेहटा पीर मार्ग पर भी पूर्वी यमुना नहर पर पुल का निर्माण कराया गया है। जबकि 25 वर्षों से कल्लरपुर व तुरमतखेडी के बीच टूटे पड़े यमुना नहर के पुल के लिए भी धनराशि अवमुक्त करा दी गई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पर्यटन स्थल को विकसित किया गया है जिसमें रामपुर मनिहारान विधानसभा क्षेत्र में 50 लाख रूपए की लागत से बाबा सिद्धपीठ सोना अर्जुनपुर का विकास कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी को देखते हुए उन्होंने अपनी विधायक निधि से रामपुर मनिहारान व नागल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आक्सीजन प्लांट भी बनवाए हैं ताकि लोगों को आक्सीजन की किल्लत का सामना न करना पड़े। इसके अलावा कोरोना की तीसरी लहर से बचाव के लिए भी विशेष तोर से कार्ययोजना तैयार कराई गई है।
उन्होंने अपनी उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र में पंचकुला हरिद्वार हाइवे, दिल्ली सहारनपुर हाइवे के साथ-साथ दिल्ली से देहरादून जाने वाले हाइवे बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जब वे विधायक बने थे तो जनपद सहारनपुर में 22 पेयजल टंकी की मंजूरी मिली थी जिनमें से 16 पेयजल टंकी रामपुर विधानसभा क्षेत्र को आवंटित की गई थी। उन्होंने बताया कि रामपुर मनिहारान विधानसभा क्षेत्र में कई रेलवे फाटकों पर ओवरब्रिज का निर्माण कराया गया है। साथ ही सडक़ों का जाल बिछाने का काम भी किया गया है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास की भावना से कार्य कर रही है तथा सभी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों को दिलाने का काम कर रही है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि रामपुर मनिहारान में सहरी पुल के पास से गुजरने वाले राजवाहे के सौंदर्यकरण के लिए धनराशि अवमुक्त करा दी गई है। तहसील भवन बनने पर रामपुर में सीओ के बैठने की व्यवस्था भी कराई जाएगी। साथ ही रामपुर से देवबंद व रामपुर से नकुड़ मार्ग पर रोडवेज बसों का संचालन भी कराया जाएगा। वार्ता के दौरान रामपुर मनिहारान ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि विजय पाल सिंह, मंडी समिति के पूर्व चेयरमैन चौ. मेघराज सिंह पंवार, संजय चेयरमैन, मंडल अध्यक्ष राजकुमार, वेदपाल, सुलेक चंद प्रधान आदि मौजूद रहे।