विभिन्न मांगों को लेकर बीएसए कार्यालय पर गरजे मान्यता प्राप्त विद्यालय संचालक

विभिन्न मांगों को लेकर बीएसए कार्यालय पर गरजे मान्यता प्राप्त विद्यालय संचालक
  • सहारनपुर में बीएसए कार्यालय पर ज्ञापन सौंपते मान्यता प्राप्त शिक्षक।

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त विद्यालय शिक्षक संघ से जुड़े शिक्षकों ने जिला बेसिक शिक्षा कार्यालय पर विभिन्न मांगों के समर्थन में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी 14 सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत उ.प्र. मान्यता प्राप्त विद्यालय शिक्षक संघ से जुड़े शिक्षक बेरीबाग स्थित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे तथा मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सरकार शिक्षा में सुधार तो चाहती है परंतु इन स्कूलों को कोई सुविधा अथवा अनुदान नहीं देना चाहती। उन्होंने कहा कि सरकार बच्चों को न तो ड्रैस, किताब आदि का पैसा देना चाहती है। ऐसी स्थिति में स्कूल शिक्षा में सुधार कर सकेंगे। वक्ताओं का कहना था कि जब सरकार हमें आर्थिक राहत मानदेय नहीं देती है तो हम सरकारी कार्य में सहयोग कैसे दें। यदि सरकार हमारे शिक्षकों को मानदेय देती है तो हम उनसे अतिरिक्त कार्य करा सकते हैं। हम सिर्फ बच्चों को पढ़ाने की फीस लेते हैं। वक्ताओं ने त्रिभाषा अनुदान को तत्काल बहाल करने, सूचनाओं व जांचों के नाम पर होने वाले मानसिक व आर्थिक शोषण पर विराम लगाने, मान्यता के नवीनीकरण में भ्रष्टाचार को रोकने के लिए अस्थाई मान्यता को खत्म करने, स्कूल वैन का परमिट, फिटनेस व बीमा नि:शुल्क कराने, स्कूल वैन की फिटनेस 30 के लिए कराने, सरकारी विद्यालयों के बच्चों के प्रवेश के लिए स्थानांतरण प्रमाण पत्र अनिवार्य किए जाने की मांग की।

वक्ताओं ने कहा कि यदि 15 दिन के अंदर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन का बिगुल बजाया जाएगा। प्रदर्शनकारियों में डा. अशोक मलिक, जिलाध्यक्ष के. पी. सिंह, गयूर आलम, अमजद अली एडवोकेट, हंस कुमार, आसिम मलिक, नीरज कपिल, मुकेश शर्मा, जितेंद्र गोरियान, कुलदीप सिंह, शिवकुमार मालियान, कुंवरपाल, महीपाल, उमा बाठला, रजनी, मौ. तय्यब, बलबीर सिंह, संजय राणा, देशराज, शशीकांत शर्मा, लक्ष्मण बागड़ी समेत सैंकड़ों स्कूल संचालक मौजूद रहे।