Bihar : पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह (RCP Singh) ने मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) पर फिर तीखा हमला बोला हे। नीतीश कुमार के उत्‍तर प्रदेश के फूलपुर (Phulpur Lok Shabha Constituency) से लोकसभा चुनाव (Lok Shabha Election 2024) लड़ने की चर्चा पर प्रतिक्रिया देते हुए आरसीपी सिंह ने कहा कि उन्‍हें बिहार में कोई सुरक्षित जगह नहीं मिल रही है, इसलिए नया स्थान तलाश रहे हैं। खुद को जनता दल यूनाइटेड (JDU) से निकाले जाने की बात पर उन्‍होंने कहा कि ऐसा करने वाला कोई माई का लाल पैदा नहीं हुआ है। वे पूर्वी चंपारण जिला मुख्‍यालय मोतिहारी (Motihari News) में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।

महागठबंधन सरकार व नीतीश पर हमला

आरसीपी सिंह बिहार के पूर्वी चम्पारण जिले से एक बार फिर राज्य की महागठबंधन सरकार (Mahagathbandhan Government) और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा कि उन्हें दल से निकालनेवाला कोई पैदा नहीं लिया है। उन्होंने खुद पार्टी छोड़ी है।

‘नीतीश के लिए बिहार में नहीं बची जगह’

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को निशाने पर लेते हुए कहा कि महागठबंधन जायज नहीं है, यह जबरन बनाया गया बंधन है। जनता ने नीतीश कुमार को राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के नाम पर वोट दिया था, लेकिन वे महागठबंधन में उसके साथ चले गए हैं, जिसके खिलाफ चुनाव लड़े थे। जनता यह समझ रही है। इसी कारण अब वे लोकसभा चुनाव के लिए बिहार के बाहर सुरक्षित जगह तलाश रहे हैं। बिहार छोड़कर यूपी के फूलपुर जाने की तैयारी होने लगी है। अब वे भी मान गये हैं कि बिहार में उनके लिए जगह नहीं बची है।

क्‍या बीजेपी में जाएंगे? नहीं खोले अपने पत्‍ते

बीजेपी में जाने या नई पार्टी बनाने के सवाल पर आरसीपी सिंह कहा कि आगे-आगे देखिए होता क्या है। विदित हो कि उनके अमित शाह के सीमांचल दौरे के क्रम में बीजेपी में शामिल होने की चर्चा है। हालांकि, उन्‍होंने इसपर कुछ भी नहीं कहा।

पूर्वी चंपारण में जगह-जगह हुआ स्‍वागत

आरपीसी सिंह ने पूर्वी चंपारण के केसरिया में पीताम्बर चौक स्थित पूर्व सांसद पीताम्बर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और अपने समर्थकों से मुलाकात की। उन्‍होंने अरेराज में भगवान सोमेश्वर महादेव मंदिर में पूजा अर्चना की। इसके अलावा पहाड़पुर में समर्थकों के साथ बैठक भी की। इस दौरान जगह-जगह समर्थकों ने उनका स्वागत किया।