सामाजिक समरसता दिवस के रूप में मनाई रविदास जयंती

- सहारनपुर में रविदास जयंती शोभायात्रा का स्वागत करते आरएसएस कार्यकर्ता।
सहारनपुर [24CN]। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के तत्वावधान में संत शिरोमणि रविदास की जयंती सामाजिक समरसता दिवस के रूप में मनाई गई। इस दौरान संघ कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मंदिरों में आयोजित कार्यक्रमों व शोभायात्राओं में सहभागिता कर स्वागत किया।
संतागढ़ टपरी के रविदास मंदिर में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते आरएसएस के विभाग संघ चालक राकेश वीर ने कहा कि संत रविदास जाति की बजाए मानवता में यकीन रखते थे और सभी को एक समान मानते थे। उनका मानना था कि परमात्मा ने इंसान की रचना की है। सभी इंसान समान हैं तथा उनके अधिकार भी समान हैं। न कोई नीचा होता है और न कोई ऊंचा होता है। उन्होंने कहा कि संघ का मानना है कि सभी हिंदू सहोदर भाई हैं, कोई भी हिंदू पतित नहीं हो सकता। समानता ही हमारा मंत्र है। उधर आरएसएस कार्यकर्ताओं ने रामपुर मनिहारान कस्बे में संत रविदास शोभायात्रा का पूर्ण गणवेश में पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। इसके अलावा संघ कार्यालय पर विचार गोष्ठी का आयोजन कर संत रविदास के जीवन पर प्रकाश डाला गया। इस दौरान सामाजिक समरसता प्रमुख सुशील गुप्ता, भारत भूषण, संघ चालक आदर्शवीर शर्मा, आदित्य त्यागी, महानगर सह कार्यवाह रमेश कश्यप, प्रचार प्रमुख राजीव अग्रवाल, अरिहंत जैन आदि मौजूद रहे।