रवि किशन ने बता दिया CM योगी का ‘सीक्रेट’? अखिलेश यादव ने कसा तंज- ‘अब सांसद जी को सजा मिलेगी’
समाजवादी पार्टी के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गोरखपुर से सांसद रवि किशन के एक बयान पर तीखा हमला बोला है. रवि किशन ने हाल ही में कहा था कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मेरा आनंद लेते है, मैं उनका स्ट्रैस बूस्टर हूं.
इस बयान को लेकर अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर प्रतिक्रिया देते हुए तंज कसा. उन्होंने लिखा कि सासंद जनता का प्रतिनिधि होता है, मुख्यमंत्री का खिलौना नहीं. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या ये बीजेपी सरकार है या सर्कस, जहां इस तरह के बयान और व्यवहार देखने को मिल रहे हैं.
ऐसे जन प्रतिनिधियों के कारण शर्मिंदा है गोरखपुर- अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आगे कहा कि प्रदेश की जनता दुख-दर्द- दिक्कतों का सामना कर रही है और बीजेपी सरकार के लोग आपस में विदूषक-विदूषक के खेल का आनंद ले रहे हैं. ऐसे जन प्रतिनिधियों के कारण ही गोरखपुर आज शर्मिंदा है.

साथ ही, अपने पोस्ट में अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि सांसद रवि किशन को अपने बयान के कारण आगे दंड का सामना करना पड़ सकता है. उन्होंने तंज करते हुए कहा कि अगर मुख्यमंत्री के तनाव में होने की बात सच है, तो यह स्थिति सरकार के कार्यों और जनता में बढ़ते आक्रोश का परिणाम है.
सांसद को अब जरूर मिलेगी सजा- अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने अंत में कहा कि वैसे इस बात का खुलासा करने के लिए सांसद जी को दंड जरूर मिलेगा कि मुख्यमंत्री जी ‘स्ट्रेस’ में हैं. जब सत्ता जाना तय हो गया है और उनके अत्याचार व भ्रष्टाचार के कारण जनता आक्रोशित है, ऐसे हालात में उनको तनाव तो होगा ही. अब ये भी डपट खाएंगे.
