रणदीप सुरजेवाला का आरोप- दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस दफ्तर में घुसकर कार्यकर्ताओं को पीटा, दर्ज हो FIR

- नेशनल हेराल्ड केस में ईडी अधिकारी कांग्रेस नेता राहुल गांधी से पूछताछ कर रहे हैं। राहुल गांधी से लगातार तीसरे दिन भी पूछताछ जारी रही। उधर पूछताछ के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर बवाल काटा।
नई दिल्ली। नेशनल हेराल्ड केस (National Herald Case) में कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) से लगातार तीसरे दिन भी ईडी की पूछताछ जारी है। राहुल बुधवार सुबह ईडी दफ्तर में पेश हुए। उधर, राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में जमकर बवाल किया। इस दौरान दिल्ली पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई। कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया गया है।
‘कांग्रेस दफ्तर में घुसकर मारपीट’
कांग्रेस ने दिल्ली पुलिस पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि दिल्ली पुलिस जबरन कांग्रेस के दफ्तर में घुस गई। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई। उन्होंने कहा कि बीजेपी, मोदी सरकार और दिल्ली पुलिस अब गुंडागर्दी पर उतर आई है, AICC के कार्यालय में घुस कर कार्यकर्ताओं और नेताओं को मारना पीटना संयम की सब हदें पार कर गई है।
‘हमें जवाब देना आता है’
सुरजेवाला ने कहा कि दिल्ली पुलिस के कठपुतली अधिकारी भी जान लें कि ये याद रखा जाएगा। हम गांधीवादी, शांतिप्रिय और अहिंसक हैं। आप अगर नेमप्लेट उतार कर दफ्तर के दरवाजे तोड़ कर गुंडागर्दी करेंगे तो फिर ये मत समझिए कि कांग्रेस के कार्यकर्ता चुप बैठे रहेंगे। हमें जवाब देना भी आता है।
कार्रवाई की मांग
दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। सुरजेवाला ने आरोपी पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज कर उन्हें निलंबित करने की मांग की है। सुरजेवाला ने कहा कि आज सभी कांग्रेस नेता प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। कल कांग्रेस भारत के सभी राजभवनों का घेराव करेगी। परसों सभी जिला स्तर पर धरना भी होगा।
दिल्ली पुलिस की सफाई
वहीं, स्पेशल सीपी सागर हुड्डा ने कहा कि पुलिस ने आज भी कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। आज की प्रदर्शन के लिए कांग्रेस की ओर से कोई अनुमति नहीं मांगी थी। अभी तक 150 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस द्वारा लाठी चलाने वाली बात गलत है।