रमेश चौहान बने रालोद के महानगर अध्यक्ष

- सहारनपुर में रालोद के नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष रमेश चौहान को नियुक्ति पत्र सौंपते पदाधिकारी।
सहारनपुर [24CN]। राष्ट्रीय लोकदल के क्षेत्रीय अध्यक्ष यशवीर सिंह ने रमेश चौहान को सहारनपुर महानगर अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की है। रालोद के क्षेत्रीय अध्यक्ष यशवीर सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के निर्देश पर रमेश चौहान को सहारनपुर महानगर अध्यक्ष नियुक्त किया है। रालोद जिलाध्यक्ष राव कैसर ने लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले पर आयोजित कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र सौंपकर शीघ्र ही महानगर कार्यकारिणी गठित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राव कैसर व प्रदेश महासचिव चौ. धीरसिंह ने कहा कि रमेश चौहान के महानगर अध्यक्ष नियुक्त होने से सहारनपुर में पार्टी को मजबूती मिलेगी। उन्होंने आशा जताई कि रमेश चौहान शीघ्र ही महानगर कार्यकारिणी का गठन कर संगठन को मजबूत करेंगे तथा आगामी विधानसभा चुनाव में रालोद अपना परचम लहराएगा।
नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष रमेश चौहान ने कहा कि पार्टी हाईकमान ने उन पर विश्वास जताते हुए उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है उस पर वह पूरी क्षमता के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। इस दौरान अर्जुन सिंह, रजनीश चौहान, भूरा मलिक, फखरूल इस्लाम, शौकीन, पार्षद आसिफ, महावीर सैनी, चौ. पदम सिंह, अनुज वर्मा, चौ. धनवीर राणा, कृष्णलाल आदि मौजूद रहे।