विश्व साइकिल दिवस पर निकाली रैली

- सहारनपुर में साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाती प्रधानाचार्या।
सहारनपुर [24CN]। आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला में विश्व साइकिल दिवस पर एक विशाल साइकिल रैली निकालकर लोगों को स्वास्थ्य एवं पर्यावरण की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। कस्बा देवबंद के दैदून वैली पब्लिक स्कूल के छात्रों द्वारा मनोज कुमार सिंधी के नेतृत्व में आयोजित साइकिल रैली को प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साइकिल रैली का उद्देश्य नागरिकों को साइकिल रैली के माध्यम से स्वास्थ्य एवं पर्यावरण की सुरक्षा का संदेश देकर जागरूक करना था। साइकिल रैली नगर के मुख्य मार्गों से होकर पुन: स्कूल पहुंचकर सम्पन्न हुई।
साइकिल रैली में शामिल छात्रों को सम्बोधित करते हुए प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा शर्मा ने कहा कि साइकिलिंग करने से जहां स्वास्थ्य ठीक रहता है। वहीं इसके कारण ईंधन के रूप में प्राकृतिक संसाधनों पेट्रोल-डीजल आदि की भी बचत होती है। साथ ही धुंए के कारण होने वाले प्रदूषण से न केवल पर्यावरण सुरक्षित रहता है बल्कि हमारा स्वास्थ्य भी ठीक रहता है। इसलिए हम सबको साइकिल का अधिक से अधिक प्रयोग कर अपने स्वास्थ्य एवं पर्यावरण को सुरक्षित रखने का सदैव प्रयत्न करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस समय सम्पूर्ण विश्व पर्यावरण प्रदूषण व तेल के संकट से जूझ रहा है। साइकिलिंग से हम इन सब संकटों के निवारण में योगदान करने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी अपना सहयोग दे सकते हैं। इस दौरान श्रीमती अर्चना शर्मा, ए. के. सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक व स्टाफ मौजूद रहे।